Kaimur News : कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के कुड़ासन गांव में क्रिकेट खेल रहे युवक को गोली मारकर फरार हुए आरोपी गोलू तिवारी को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. भभुआ थाना पुलिस और डीआईयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को दबोचा गया. घायल युवक का इलाज वाराणसी में चल रहा है.
क्रिकेट मैच के दौरान मारी थी दो गोलियां
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब पांच बजे कुड़ासन गांव स्थित विद्यालय के खेल मैदान में क्रिकेट मैच चल रहा था. इसी दौरान बैटिंग कर रहे 24 वर्षीय विनीत तिवारी पर उफरवलिया गांव निवासी गोलू तिवारी ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली विनीत के सीने के बाईं ओर और हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मैदान में गिर पड़ा. घटना के बाद आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया.
24 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू की. शुक्रवार शाम भभुआ थाना पुलिस और डीआईयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में गोलू तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस उससे घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है.
एसपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की
पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि कुड़ासन गांव में गोलीबारी की घटना के आरोपी उफरवलिया गांव निवासी गोलू तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
वाराणसी में चल रहा घायल युवक का इलाज
गोली लगने के बाद परिजन विनीत तिवारी को सदर अस्पताल, भभुआ लेकर पहुंचे थे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया. वर्तमान में घायल युवक का इलाज वाराणसी के अस्पताल में चल रहा है.
