Kaimur News : दादा का दाह संस्कार करने जमानिया के बड़ेशर गंगा घाट पहुंचे रामगढ़ के एक युवक की शनिवार की दोपहर स्नान करने के दौरान गंगा की तेज धारा में डूबने से मौत हो गयी. हादसे के बाद घाट पर अफरातफरी मच गयी. परिजनों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के आगे उनकी कोशिश नाकाम रही. गंगा में उफान के कारण देर शाम तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका था. पुलिस की मौजूदगी में गोताखोर शव की तलाश में जुटे रहे.
दाह संस्कार के बाद गंगा में स्नान करने उतरा था युवक
मृतक की पहचान रामगढ़ नगर के वार्ड संख्या-09 निवासी गणेश ठठेरा, पिता राजदेव ठठेरा के रूप में हुई है. बताया जाता है कि रिश्ते में दादा लगने वाले शिव ठठेरा की मौत के बाद शनिवार की सुबह गणेश अपने परिजनों के साथ उनके दाह संस्कार के लिए जमानिया के बड़ेशर घाट गया था. दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद गणेश गंगा में स्नान करने उतरा. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. देखते ही देखते तेज जलधारा उसे अपने साथ बहा ले गयी.
Also Read : बक्सर में छात्राओं से मारपीट के आरोप में प्रधानाध्यापिका निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू
परिजनों ने बचाने का किया प्रयास, लेकिन तेज बहाव के आगे नहीं चली कोशिश
गणेश को डूबता देख परिजनों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण उसे पकड़ नहीं सके. घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गयी. आसपास मौजूद लोगों ने भी युवक की तलाश करने की कोशिश की, लेकिन गंगा की तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिली.
Also Read : बक्सर में गंगा का तेवर पड़ा नरम, जलस्तर घटने से राहत की उम्मीद; दियारा इलाकों में संकट बरकरार
पुलिस और गोताखोरों ने शुरू की शव की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही जमानिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू करायी. गंगा में बढ़े जलस्तर और तेज धारा के कारण खोज अभियान में मुश्किलें आ रही थीं. देर शाम तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका था. पुलिस की मौजूदगी में गोताखोर लगातार नदी में तलाश करते रहे.
हादसे की खबर मिलते ही रामगढ़ से घाट पहुंचे समाजसेवी
इधर, हादसे की खबर रामगढ़ पहुंचते ही कई समाजसेवी जमानिया घाट पहुंचे और परिजनों के साथ शव की तलाश में जुट गये. युवक के नदी में डूबने की खबर से रामगढ़ में भी शोक की लहर दौड़ गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
Also Read : फरक्का जल संधि के खिलाफ जदयू का ‘नीतीश संवाद’ शुरू, संजय झा बोले- बिहार के हित में नहीं है संधि
