हड़ताल का नेतृत्व कर रहे चार राजस्व कर्मचारी निलंबित
KAIMUR NEWS.जिलेभर में हड़ताली कर्मचारियों का नेतृत्व कर रहे कर्मचारी संघ के अध्यक्ष, सचिव, पदेन सचिव और महासचिव को निलंबित कर दिया गया है. कैमूर डीएम नितिन कुमार सिंह ने यह कार्रवाई राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, पटना के निर्देश के आलोक में की है.
जिलेभर के राजस्वकर्मियों को गुमराह कर काम पर लौटने से मना करने का आरोप
13 अप्रैल तक हड़ताल से वापस आने का अपर सचिव ने दिया था आदेश
भभुआ कार्यालय.
जिलेभर में हड़ताली कर्मचारियों का नेतृत्व कर रहे कर्मचारी संघ के अध्यक्ष, सचिव, पदेन सचिव और महासचिव को निलंबित कर दिया गया है. कैमूर डीएम नितिन कुमार सिंह ने यह कार्रवाई राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, पटना के निर्देश के आलोक में की है.निलंबित राजस्वकर्मियों में सोनू कुमार (अंचल कार्यालय रामगढ़, जिलाध्यक्ष कर्मचारी संघ कैमूर), पंकज कुमार (अंचल कार्यालय रामपुर, जिला सचिव), हरीश कुमार कुशवाहा (अंचल कार्यालय अधौरा, पदेन सचिव) और अमन राज (अंचल कार्यालय मोहनिया, महासचिव) शामिल हैं. दरअसल, विभाग के अपर सचिव की ओर से 11 अप्रैल को हड़ताल पर गये राजस्वकर्मियों को 13 अप्रैल तक कार्य पर लौटने का निर्देश दिया गया था. साथ ही यह भी कहा गया था कि निर्धारित समय तक काम पर वापस नहीं लौटने की स्थिति में हड़ताल का नेतृत्व कर रहे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जायेगी. इसी क्रम में यह कार्रवाई की गयी है.
राजस्व कर्मचारियों को गुमराह कर काम पर लौटने से मना करने का आरोप
निलंबित चारों कर्मचारियों पर आरोप है कि वे जिले के अन्य राजस्व कर्मियों को हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने से मना कर रहे थे और उन्हें गुमराह कर रहे थे. विभाग द्वारा बार-बार निर्देश दिये जाने के बावजूद हड़ताल जारी रखी गयी. दो माह से जारी है हड़ताल बता दें कि राज्यभर के राजस्व कर्मचारी 11 फरवरी से अपनी 17 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं. इसके कारण अंचल कार्यालयों का कामकाज लगभग ठप हो गया है. बाद में सीओ, राजस्व पदाधिकारी और कानूनगो भी हड़ताल में शामिल हो गये, जिससे व्यवस्था और प्रभावित हुई.निलंबित चारों कर्मचारियों का मुख्यालय जिला राजस्व शाखा भभुआ बनाया गया है. साथ ही संबंधित अंचलाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि आरोप पत्र तैयार कर साक्ष्य सहित डीएम कार्यालय को उपलब्ध कराएं.
चांद के सीओ भी निलंबित, राज्य में 41 अधिकारियों पर गिरी गाज
भभुआ.
चार राजस्व कर्मियों से पहले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने कैमूर जिले के चांद अंचलाधिकारी सतीश कुमार गुप्ता को भी निलंबित कर दिया है. उनके साथ राज्यभर के कुल 41 अंचलाधिकारियों पर कार्रवाई की गयी है.इन पर मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने और उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री के भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में भाग नहीं लेने का आरोप है.बताया जाता है कि कैमूर जिले में चैनपुर को छोड़कर अधिकांश अंचलाधिकारी हड़ताल पर हैं. इसी कारण चांद के सीओ उक्त कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके थे, जिसके बाद उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गयी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.