कैमूर: दुर्गावती में सड़क पर फिर सजी मछली मंडी, फिसलन, गंदगी से बढ़ा हादसे का खतरा, अतिक्रमण को लेकर लोगों ने कार्रवाई की मांग

कैमूर जिले के दुर्गावती में एक बार फिर अव्यवस्था हावी हो गई है. डहला मोड़ पुलिया पर शाम होते ही मछली मंडी लगने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है. सड़क पर बढ़ता अतिक्रमण, गंदगी और फिसलन ने इस रास्ते को खतरनाक बना दिया है, जिससे स्थानीय लोग चिंतित हैं.

Kaimur Fish Market Issue : कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में एक बार फिर अव्यवस्था की तस्वीर सामने आई है. थाना से महज कुछ दूरी पर स्थित डहला मोड़ पुलिया पथ पर शाम होते ही मछली मंडी सजने लगी है, जिससे आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. सड़क पर बढ़ते अतिक्रमण, गंदगी और फिसलन ने इस रास्ते को खतरनाक बना दिया है. स्थानीय लोग अब इसे लेकर काफी चिंतित हैं और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं.

जानकारी के अनुसार यह सड़क ककरैत घाट पथ के नाम से जानी जाती है. यह मार्ग न केवल उत्तर प्रदेश के जमानियां को जोड़ता है, बल्कि नहर मार्ग के जरिए रामगढ़ प्रखंड और आसपास के कई गांवों के लिए भी प्रमुख संपर्क मार्ग है. हर दिन इस रास्ते से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, कामकाजी लोग और छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. ऐसे में यहां किसी भी तरह की अव्यवस्था सीधे लोगों की सुरक्षा से जुड़ जाती है.

शाम ढलते ही इस पुलिया के किनारे मछली विक्रेता अपनी दुकानें सजा लेते हैं. पहले से ही संकीर्ण इस सड़क पर जब मछली मंडी लगती है, तो रास्ता और भी तंग हो जाता है. इससे आने-जाने में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. कई बार तो वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो जाती है.

Kaimur News : सड़क पर फैलता पानी बना बड़ा खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि मछलियों को जीवित रखने के लिए जो पानी टैंकर या बर्तनों में लाया जाता है, उसे मछली उतारने के बाद सीधे सड़क पर ही बहा दिया जाता है. इससे सड़क पर लगातार पानी जमा रहता है और फिसलन बढ़ जाती है. बाइक सवार और पैदल चलने वाले लोग खास तौर पर जोखिम में रहते हैं. कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

कैमूर की सभी खबरें यहां पढ़ें

इसके अलावा मछली के अवशेष और गंदगी के कारण आसपास सड़ांध और दुर्गंध फैल जाती है. इससे न सिर्फ राहगीरों को परेशानी होती है, बल्कि पास में रहने वाले लोगों का भी जीना मुश्किल हो जाता है. शाम के समय यह इलाका पूरी तरह असुविधाजनक बन जाता है.

Durgawati Fish Market : पहले हुई थी कार्रवाई, फिर लौट आई समस्या

गौरतलब है कि इस समस्या को लेकर पहले भी प्रशासन ने कार्रवाई की थी. तत्कालीन अंचल पदाधिकारी सदानंद कुमार ने पुलिस बल के साथ अभियान चलाकर इस पुलिया पथ से अतिक्रमण हटवाया था. उस दौरान कुछ समय के लिए स्थिति सामान्य हो गई थी और लोगों को राहत मिली थी.

लेकिन उनके तबादले के बाद धीरे-धीरे फिर से पुरानी स्थिति लौट आई. अब फिर से उसी जगह पर मछली मंडी लग रही है और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है. इससे लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है.

Kaimur Police : लोगों ने प्रशासन से की मांग

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, अंचल प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए. उनका कहना है कि सड़क से अतिक्रमण हटाकर मछली मंडी के लिए किसी वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके.

दुर्गावती का यह पुलिया पथ अब धीरे-धीरे दुर्घटना का केंद्र बनता जा रहा है. अगर समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता. स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जिम्मेदार अधिकारी जल्द कार्रवाई करेंगे और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालेंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके और सड़क सुरक्षित बन सके.

Also Read: कैमूर: भगवानपुर में कांग्रेस को मिला युवा नेतृत्व, गोल्डन पांडे बने प्रखंड अध्यक्ष


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sachidanand singh

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >