कैमूर: मोहनिया बिस्कोमान केंद्र पर DAP खाद को लेकर किसानों का हंगामा, पुलिस ने कराया शांत

कैमूर जिले के मोहनिया में डीएपी खाद की किल्लत को लेकर किसानों ने बिस्कोमान कृषक सेवा केंद्र पर हंगामा किया. सुबह से कतार में लगे किसानों को खाद खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली.

Kaimur News : कैमूर जिला के मोहनिया शहर. स्थानीय प्रखंड स्थित बिस्कोमान कृषक सेवा केंद्र पर सोमवार को डीएपी खाद वितरण को लेकर किसानों ने जमकर हंगामा किया. किसानों का आरोप था कि वे सुबह 6 बजे से खाद लेने के लिए कतार में खड़े थे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद उन्हें खाद खत्म होने की बात कहकर वापस भेज दिया गया. खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों ने केंद्र पर व्यवस्था के खिलाफ आक्रोश जताया.

सुबह से कतार में खड़े थे किसान किसानों ने बताया कि खेती के समय डीएपी खाद की जरूरत है और इसके लिए वे सुबह से ही बिस्कोमान केंद्र पहुंच गए थे. भीषण गर्मी के बीच कई घंटे लाइन में खड़े रहने के बाद जब उनका नंबर आया तो केंद्र कर्मियों ने खाद समाप्त होने की जानकारी दी. इससे किसानों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया.

पुलिस पहुंची, समझाकर कराया शांत हंगामे की सूचना मिलने के बाद मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने किसानों और बिस्कोमान केंद्र के अधिकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया. थाना अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन किसानों को सोमवार को खाद नहीं मिल सकी है, उनकी सूची तैयार की जाए.

अगली खेप में प्राथमिकता देने का आश्वासन पुलिस के निर्देश के बाद केंद्र पर खाद से वंचित किसानों का सादे कागज पर हस्ताक्षर लेकर सूची तैयार की गयी. किसानों को आश्वासन दिया गया कि डीएपी खाद की अगली खेप आने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर खाद उपलब्ध कराई जाएगी. आश्वासन मिलने के बाद किसान शांत हुए और अपनी पर्ची लेकर वापस लौट गए.

किसानों ने लगाया खाद वितरण में अनियमितता का आरोप बघिनी गांव निवासी किसान विनोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र के एक कर्मी द्वारा कहा जा रहा था कि केवल 10 प्रतिशत किसानों को ही डीएपी खाद दी जाएगी, जबकि 90 प्रतिशत खाद व्यापारियों को देने की बात कही जा रही थी. किसानों ने इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.

किसानों ने बताई परेशानी सुखपुरवा गांव निवासी किसान बबलू कुमार और शिवनारायण ने बताया कि वे सुबह 6 बजे से लाइन में लगे थे. घंटों इंतजार करने के बाद जब उनका नंबर आया तो खाद खत्म होने की जानकारी दी गयी. किसानों ने कहा कि गर्मी में लंबे समय तक खड़े रहने के बावजूद खाद नहीं मिलने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

थानाध्यक्ष ने कहा, सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि बिस्कोमान केंद्र पर खाद को लेकर किसानों के बीच हंगामे की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाया गया और मामले को शांत कराया गया. उन्होंने बताया कि किसानों और केंद्र कर्मियों के बीच बातचीत कर व्यवस्था को सामान्य कराया गया.

क्षेत्रीय प्रबंधक ने जांच के बाद जानकारी देने की बात कही विस्कोमान के क्षेत्रीय प्रबंधक चंदन कुमार ने बताया कि केंद्र पर हंगामे की सूचना उन्हें भी मिली है, लेकिन केंद्र प्रभारी से पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है. उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinod kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >