Kaimur Chainpur Electricity Theft : कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के जगरिया गांव में विद्युत विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा है. मामले में सहायक विद्युत अभियंता संतान कुमार कौशल ने चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए संबंधित व्यक्ति पर 43,902 रुपये का जुर्माना लगाया है.
Kaimur News : गुप्त सूचना पर गठित हुई छापेमारी टीम
सहायक विद्युत अभियंता ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि जगरिया गांव निवासी राजेश कुमार सिंह अपने कृषि परिसर में अवैध तरीके से बिजली का उपयोग कर खेतों की सिंचाई कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के लिए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो शिकायत सही पाई गई.
कनेक्शन मिलने से पहले ही जोड़ लिया तीन फेज मोटर
जांच में सामने आया कि राजेश कुमार सिंह ने 13 मार्च को विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन दिया था, लेकिन विभागीय प्रक्रिया पूरी होने और विधिवत कनेक्शन मिलने से पहले ही उन्होंने साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के भिन्न विभव तार में तीन तार जोड़कर अवैध रूप से तीन फेज मोटर संचालित कर दी थी. इसी मोटर से खेतों की सिंचाई की जा रही थी.
43,902 रुपये की राजस्व क्षति का अनुमान
विद्युत विभाग के अनुसार अवैध बिजली उपयोग के कारण साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को करीब 43,902 रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है. इस आधार पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और विभागीय प्रावधानों के तहत आर्थिक दंड भी लगाया गया है.
वैध कनेक्शन लेकर ही करें बिजली का उपयोग
विद्युत विभाग ने लोगों से अपील की है कि बिजली का उपयोग केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से करें. विभाग ने चेतावनी दी है कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
