कैमूर में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 8 लोग पकड़े गए, ₹4.70 लाख का जुर्माना और FIR दर्ज

कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड में बिजली चोरी के खिलाफ बिजली विभाग ने कड़ा अभियान चलाया है। पांच गांवों में हुई छापेमारी में 8 लोग अवैध बिजली इस्तेमाल करते पकड़े गए। सभी पर भारी जुर्माना लगाया गया है और प्राथमिकी दर्ज की गई है।

kaimur News : कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड में बिजली चोरी के खिलाफ रविवार को बिजली विभाग ने बड़ा अभियान चलाया. पांच गांवों में हुई छापेमारी के दौरान आठ लोगों को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़ा गया. विभाग ने सभी पर कुल 4.70 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है और करमचट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

पांच गांवों में चला छापेमारी अभियान

जेई परमेश्वर कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने निसीजा, शिवपुर, धवपोखर, कुडारी और तेनुआ गांव में जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान बाईपास मीटर लगाकर बिजली चोरी करने और बिना वैध कनेक्शन कृषि कार्य में बिजली इस्तेमाल करने के मामले सामने आए.

8 उपभोक्ताओं पर लाखों का जुर्माना

जांच में पकड़े गए उपभोक्ताओं पर बकाया राशि सहित कुल 4,70,475 रुपये का जुर्माना लगाया गया. निसीजा के शिव शंकर यादव पर 37,231 रुपये, परमेंद्र शर्मा पर 33,951 रुपये, शिवपुर के ललन पाठक पर 56,734 रुपये, राम भजन पाल पर 86,555 रुपये, फुला कुंअर पर 33,443 रुपये, धवपोखर के दिनेश पाल पर 86,555 रुपये, कुडारी के मिट्ठू बिंद पर 17,839 रुपये और तेनुआ के रामप्यारे शर्मा पर 1,18,167 रुपये का जुर्माना लगाया गया.

टीम से अभद्रता का भी आरोप

बिजली विभाग ने करमचट थाना में आठों उपभोक्ताओं के खिलाफ नामजद आवेदन दिया है. विभाग का आरोप है कि छापेमारी के दौरान एक उपभोक्ता ने अधिकारियों और कर्मियों के साथ गाली-गलौज की, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और फोन पर धमकी भी दी.

बिजली चोरी करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई

करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि विभाग के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. बिजली विभाग ने लोगों से वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raju kumar

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >