18 को भभुआ नप सहित सभी नगर पंचायतों में होगा सशक्त स्थायी समिति सदस्यों का चुनाव

नगर विकास विभाग के निर्देश पर डीएम ने जारी कर दी अधिसूचना

नगर विकास विभाग के निर्देश पर डीएम ने जारी कर दी अधिसूचना = एसडीएम बनाये गये निर्वाची पदाधिकारी, पार्षदों को पत्र भेजकर दी गयी गुप्त मतदान की सूचना भभुआ सदर. आगामी 18 अप्रैल को भभुआ नगर पर्षद सहित मोहनिया, हाटा, रामगढ़ और कुदरा नगर पंचायतों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का गुप्त मतदान से चुनाव होगा. सशक्त स्थायी समिति सदस्यों के चुनाव को लेकर नगर विकास विभाग के निर्देश पर निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने अधिसूचना जारी कर दी है. गुप्त मतदान की सारी प्रक्रिया डीएम के पर्यवेक्षण, निर्देशन व नियंत्रण में पूरी की जायेगी. इसके लिए भभुआ नप सहित सभी नगर पंचायतों में सफलतापूर्वक गुप्त मतदान से चुनावी प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए निर्वाचन पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है. भभुआ नगर पर्षद में सशक्त स्थायी समिति सदस्यों के चुनाव के लिए होनेवाले गुप्त मतदान के लिए भभुआ एसडीएम अमित कुमार को सहायक निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. जबकि, हाटा नगर पंचायत के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता श्रेया कुमारी, मोहनिया नगर पंचायत के लिए मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी, नगर पंचायत रामगढ़ के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता कमलाकांत त्रिवेदी और नगर पंचायत कुदरा के लिए निर्वाचक पदाधिकारी की जिम्मेदारी वरीय उप समाहर्ता उज्ज्वल कुमार को दी गयी है. जबकि, सभी प्रखंडों के बीडीओ को सहायक उप निर्वाचन पदाधिकारी और सहयोगी पदाधिकारी के तौर पर पंचायत राज पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है. = नगर पर्षद भभुआ व सभी नगर पंचायतों में तीन-तीन सदस्यों का होगा चुनाव भभुआ नगर पर्षद में सशक्त स्थायी समिति सदस्यों के चुनाव के लिए होनेवाले गुप्त मतदान सहित अन्य प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए निर्वाची पदाधिकारी बनाये गये भभुआ एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि नगर व आवास विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार भभुआ नगर पर्षद सहित सभी नगर निकायों में निर्वाचित वार्ड सदस्यों के गुप्त मतदान से सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव कराने का प्रावधान किया गया है. बताया कि भभुआ नगर पर्षद सहित सभी नगर निकायों में वार्ड पार्षदों के गुप्त मतदान से सशक्त स्थायी समिति के तीन-तीन सदस्यों का चुनाव कराया जाना है. = एक दिन में नामांकन, मतदान व जीत के बाद शपथ ग्रहण 18 अप्रैल को कराये जानेवाले सशक्त स्थायी समिति सदस्यों के चुनाव के लिए एक दिन में ही नामांकन, मतदान और जीत के बाद सदस्यों का शपथ ग्रहण भी हो जायेगा. पार्षदों के नामांकन से लेकर सशक्त स्थायी समिति के निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाने की पूरी कार्यवाही सुबह आठ बजे से शुरू होगी और एक ही दिन में संपन्न की जायेगी. जैसे ही सशक्त स्थायी समिति के नवनिर्वाचित सदस्य शपथ ग्रहण करेंगे, उसी समय पुरानी समिति स्वतः भंग मानी जायेगी. = एक पद के लिए होगा एक ही नामांकन सशक्त स्थायी समिति के चुनाव में एक पार्षद एक ही पद के लिए नामांकन करेंगे, यदि वार्ड पार्षद एक से अधिक नामांकन करते हैं तो न्यूनतम क्रमांक वाली मतपेटिका में किया गया नामांकन ही वैध माना जायेगा, प्रत्येक सदस्य की रिक्ति के लिए एक ही समय में अलग-अलग निर्वाचन कराया जायेगा. प्रत्येक रिक्ति के अनुसार मत पेटिका को क्रमानुसार (1, 2, 3 आदि) चिह्नित किया जायेगा. प्रत्येक निर्वाचित वार्ड पार्षद सभी रिक्तियों के लिए एक-एक बार मतदान करेंगे. यानी अगर सशक्त स्थायी समिति की रिक्तियों की संख्या तीन है, तो हर वार्ड पार्षद किसी एक रिक्ति के विरुद्ध वोट डालेंगे. साथ ही वे सभी तीन रिक्तियों के लिए बारी-बारी से मतदान करेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >