Kaimur News : मोहनियां थाना क्षेत्र के डड़वा गांव में मंगलवार को एक 50 वर्षीय ई-रिक्शा चालक का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलने पर मोहनियां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया.
घर में अकेले रहता था मृतक
मृतक की पहचान डड़वा गांव के वार्ड संख्या तीन निवासी स्वर्गीय शाहनवाज मियां के 50 वर्षीय पुत्र जोखू मियां के रूप में हुई है. वार्ड पार्षद पंकज गुप्ता के अनुसार, जोखू मियां घर में अकेले रहते थे. उनकी पहली पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरी पत्नी से भी लंबे समय से अनबन चल रही थी. अनबन के कारण दूसरी पत्नी अलग रह रही थी. बताया जाता है कि पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर जोखू मियां काफी परेशान और तनाव में रहते थे.
सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ शक
मंगलवार सुबह पहली पत्नी के बेटे की पत्नी ने अपने बच्चे को चाय पीने के लिए जोखू मियां को बुलाने भेजा. बच्चा जब उनके घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था. काफी आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद आसपास के लोगों ने भी दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. किसी अनहोनी की आशंका होने पर ग्रामीणों ने मोहनियां थाने की पुलिस को सूचना दी.
कुंडी से लटका मिला शव
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में घर का दरवाजा खोला गया तो अंदर छत की कुंडी से रस्सी के सहारे जोखू मियां का शव लटका हुआ मिला. पुलिस के समक्ष शव को नीचे उतारा गया. इसके बाद पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे परिजन सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतक की पहचान की. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मोहनियां थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल घटना को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.
