Kaimur News : भभुआ सदर. शहर के बेलांव मोड़ के समीप कुकुरनहिया नदी के पास शनिवार की सुबह बालू लदा डंपर सड़क किनारे कीचड़ में फंस गया. डंपर के फंसते ही कुदरा और बेलांव जाने वाली सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गयी. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से करीब ढाई घंटे तक भीषण जाम लगा रहा. गर्मी और उमस के बीच जाम में फंसे वाहन सवार परेशान होते रहे. स्कूली वाहन भी जाम में फंसे रहने से बच्चों को परेशानी उठानी पड़ी. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद डंपर पर लदा बालू गिराकर जेसीबी की मदद से उसे सड़क से हटाया गया. इसके बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे आवागमन सामान्य हो सका.
Also Read : नासरीगंज-दाउदनगर मुख्य पथ पर उभरा गड्ढा, हादसे का बना खतरा
भारी वाहन के फंसने से साढ़े 10 बजे थम गयी वाहनों की रफ्तार
शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे बालू लदा डंपर कुकुरनहिया नदी के समीप सड़क किनारे कीचड़ में फंस गया. डंपर का पिछला हिस्सा कीचड़ में धंस जाने के कारण वह आगे नहीं बढ़ सका. सड़क पर डंपर के फंसे रहने से वाहनों के आवागमन के लिए जगह कम पड़ गयी. देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी और जाम की स्थिति गंभीर होती चली गयी.
गर्मी और उमस में परेशान होते रहे वाहन सवार
करीब ढाई घंटे तक लगे जाम में छोटे-बड़े वाहनों के साथ बाइक, ऑटो और ई-रिक्शा सवार भी फंसे रहे. तेज गर्मी और उमस के कारण वाहन सवारों की परेशानी और बढ़ गयी. कई लोग वाहनों से उतरकर जाम खुलने का इंतजार करते नजर आये. स्कूली वाहनों के जाम में फंसने से बच्चों को भी काफी देर तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा.
बालू गिराकर जेसीबी की मदद से हटाया गया डंपर
डंपर को निकालने के लिए काफी देर तक प्रयास किया गया, लेकिन भारी वजन के कारण सफलता नहीं मिली. अंततः डंपर पर लदे बालू को सड़क किनारे गिराया गया. इसके बाद जेसीबी की मदद से डंपर को खींचकर कीचड़ से बाहर निकाला गया. डंपर हटते ही सड़क पर फंसे वाहनों को आगे बढ़ने का रास्ता मिला और धीरे-धीरे यातायात सामान्य होने लगा.
साढ़े 12 बजे बहाल हुआ आवागमन
सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक करीब ढाई घंटे कुदरा और बेलांव जाने वाली सड़क जाम रही. डंपर हटाये जाने के बाद यातायात बहाल हुआ. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे भारी वाहनों के फंसने से ऐसी स्थिति बनने पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती है. ऐसे में सड़क किनारे कीचड़ और जलजमाव की समस्या दूर करने के साथ भारी वाहनों के आवागमन पर भी निगरानी जरूरी है.
Also Read : Teacher's Day 2026: रोहतास में शिक्षक दिवस पर 46 शिक्षक होंगे सम्मानित, डीआरडीए सभागार में होगा कार्यक्रम
