Kaimur News : समाहरणालय स्थित मां मुंडेश्वरी सभागार में सोमवार को जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गयी. बैठक में पंचायती राज, उद्योग, कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, आईसीडीएस, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, मनरेगा, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. डीएम ने अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.
सोलर स्ट्रीट लाइट में कैमूर की 99.63 प्रतिशत उपलब्धि
मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा में बताया गया कि जिले में निर्धारित 19,390 के लक्ष्य के विरुद्ध 19,318 स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं. इस तरह कैमूर ने 99.63 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है. वहीं, 15वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायतों में 71.12 प्रतिशत वित्तीय प्रगति के साथ कैमूर राज्य में प्रथम स्थान पर है.
146 पंचायत सरकार भवनों में आरटीपीएस सेवा संचालित
बैठक में पंचायत सरकार भवनों में उपलब्ध नागरिक सेवाओं की भी समीक्षा की गयी. अधिकारियों ने बताया कि जिले के 146 पंचायत सरकार भवनों में आरटीपीएस सेवाओं का संचालन सुचारू रूप से हो रहा है. डीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सेवाओं को और बेहतर बनाने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए प्रखंड और जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े.
आवास योजना में कैमूर राज्य में तीसरे स्थान पर
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में 81.55 प्रतिशत आवास पूर्ण होने के साथ कैमूर राज्य में तीसरे स्थान पर है. वहीं मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना में 98.76 प्रतिशत पूर्णता दर के साथ जिला छठे स्थान पर है. डीएम ने भूमिहीन लाभार्थियों को भूमि आवंटन और अनापत्ति से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया.
कचरा प्रबंधन में 97.93 प्रतिशत इकाइयों का निर्माण पूरा
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 97.93 प्रतिशत अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाइयों का निर्माण और जियो-टैगिंग का काम पूरा हो चुका है. वहीं 94.52 प्रतिशत ग्राम पंचायतों और 91.02 प्रतिशत वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा उठाव सक्रिय है. डीएम ने व्यक्तिगत शौचालयों के लंबित भुगतान, जियो-टैगिंग तथा सामुदायिक सोकपिट और स्वच्छता परिसरों के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया.
स्वास्थ्य योजनाओं में संस्थागत प्रसव 68 प्रतिशत
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में संस्थागत प्रसव दर 68 प्रतिशत दर्ज होने की जानकारी दी गयी. वहीं पूर्ण टीकाकरण की उपलब्धि 108 प्रतिशत रही. आईसीडीएस के तहत मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना में कैमूर राज्य में छठे और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में आठवें स्थान पर है. आधार आधारित फेस रिकग्निशन सत्यापन में जिले ने 95.02 प्रतिशत प्रगति दर्ज की है.
मनरेगा से 1.01 लाख मानव दिवस का सृजन
मनरेगा के तहत चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 1,01,330 मानव दिवस सृजित किए गये हैं. कृषि विभाग की समीक्षा में बताया गया कि खरीफ मौसम में 1,41,003 हेक्टेयर के लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत धान की रोपनी पूरी कर ली गयी है. वहीं किसान रजिस्ट्री का कार्य 78.04 प्रतिशत पूरा हो चुका है.
सिंचाई और बिजली परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में सोन-कोहिरा लिंक सिंचाई योजना, जमानियां-ककरैत गंगाजल उद्वह सिंचाई योजना, प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों और आवासीय विद्यालयों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी. मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना-द्वितीय के तहत 95.15 प्रतिशत कृषि बिजली कनेक्शन जारी किए जाने की जानकारी दी गयी.
'लापरवाही और अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं'
बैठक के अंत में डीएम कुमार अनुराग ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समय पर लाभ पहुंचाना है. उन्होंने अधिकारियों को फाइलों का त्वरित निष्पादन, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. डीएम ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. बैठक में अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
