Kaimur News : डीइओ अंकल, गुरुजी पढ़ाई छोड़ सो जाते हैं कुर्सी पर

डीइओ अंकल, हम लोग का भविष्य खतरे में है. विद्यालय में पढ़ाई नहीं होती है, बल्कि विद्यालय की मैडम पढ़ाई के समय कुर्सी पर बैठकर मोबाइल देखती रहती हैं व गुरुजी कुर्सी पर बैठकर सोते रहते हैं.

भभुआ नगर. डीइओ अंकल, हम लोग का भविष्य खतरे में है. विद्यालय में पढ़ाई नहीं होती है, बल्कि विद्यालय की मैडम पढ़ाई के समय कुर्सी पर बैठकर मोबाइल देखती रहती हैं व गुरुजी कुर्सी पर बैठकर सोते रहते हैं. जब हम लोग गुरुजी से कहते हैं कि हम लोग को पढ़ाइये, तो नहीं पढ़ाते हैं. अब आप ही बताएं कि हम छात्र कहां पढ़ने जायें. कुछ ऐसा ही नजारा शुक्रवार को शिक्षा विभाग कार्यालय में देखने को मिला और यह बातें दुर्गावती प्रखंड के मधुरा विद्यालय के दर्जनों छात्र छात्राएं व उनके अभिभावकों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से गुहार लगाते हुए कहीं. छात्रों ने कहा कि गुरुजी व मैडम के व्यवहार से हम छात्र-छात्राएं परेशान हैं, लेकिन उनमें कोई सुधार नहीं हो रहा है. छात्रों के साथ शिक्षा विभाग कार्यालय पहुंचे अभिभावक व विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष संगीता देवी सहित अनीता देवी, पिंकी देवी व कई महिला पुरुष अभिभावकों ने कहा कि बच्चों द्वारा घर पर जाकर आये दिन कहा जाता है कि गुरुजी पढ़ाते नहीं है, केवल सोते रहते हैं. इसकी शिकायत लेकर हम लोग जब विद्यालय पर पहुंचे और मैडम और गुरु जी से कहा कि बच्चों को पढ़ने के लिए आप लोगों की नियुक्ति हुई है तो विद्यालय की शिक्षिका व शिक्षक द्वारा एक स्वर में कहा गया कि तुम लोग जाहिल गंवार हो, हम तुम लोगों से बात नहीं करेंगे. तुम लोग को जहां जाना है जाओ, इतना कहते हुए विद्यालय से डांट फटकार लगाते हुए हम लोगों को भगा दिया गया. शिक्षा विभाग कार्यालय पहुंचे अभिभावकों ने कहा कि हम लोग केवल इसी तरह नहीं कह रहे हैं, बल्कि हम लोगों के पास प्रमाण भी है कि विद्यालय के गुरुजी पढ़ाई छोड़ कर वर्ग कक्ष में सो जाते हैं. साथ ही सोते हुए गुरुजी का वीडियो अभिभावकों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिखाया. = एक पखवारे पहले ही प्रधानाध्यापक व शिक्षक हुए थे निलंबित गौरतलब है कि दुर्गावती प्रखंड के मधुरा विद्यालय का यह पहला मामला नहीं है, बल्कि एक पखवारा पहले भी विद्यालय की प्रधानाध्यापिका व एक सहायक शिक्षक के साथ आपस में चप्पल-जूता चलते हुए वीडियो वायरल हुआ था. वायरल वीडियो पर जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने संज्ञान लेते हुए तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी को आदेश दिया था कि प्रधानाध्यापिका व शिक्षक को निलंबित किया जाये. इधर, डीएम के आदेश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापिका व सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया गया था. इसके बावजूद विद्यालय की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ. बोले अधिकारी इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय पांडेय ने कहा कि विद्यालय में सोते हुए शिक्षक का वीडियो ग्रामीणों द्वारा दिया गया है, इससे प्रतीत होता है कि ग्रामीणों द्वारा जो आरोप लगाया गया है वह सही है. उक्त मामले पर संज्ञान लिया गया है, तत्काल कार्रवाई भी की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhanjay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >