भगवानपुर. स्थानीय प्रखंड की पढ़ौती पंचायत के ददरा खेल मैदान में रविवार की शाम नटवा बाबा फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला मेजबान टीम ददरा व डिहां टीम के बीच खेला गया. इस दौरान दोनों ही टीमों ने दो-दो गोल दागे, जिससे यह मुकाबला बराबरी पर रहा. लिहाजा रेफरी व आयोजन समिति के निर्णयानुसार पेनाल्टी शूटआउट करने का निर्णय लिया गया. इस पेनाल्टी शूटआउट प्रणाली के तहत दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने चार-चार शूट किये, जिसमें डिहां की टीम 3-1 से अंतर से जीत कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया. मैच शुरू होने के पहले हाफ में डिहां एक गोल कर ददरा पर बढ़त बनाये हुई थी, मगर अगले ही कुछ मिनटों में ददरा की टीम ने बैक टू बैक दो गोल दागकर बढ़त बना ली. फिर मैच के दूसरे हाफ के आखिरी पांच मिनट में डिहां ने एक बार फिर एक गोल कर मैच को 2-2 से बराबर करा दिया. आखिरकार पेनाल्टी शूटआउट में डिहां की टीम 3-1 से मैच पर फतह हासिल करने में सफल रही. डिहां टीम के अलमास खां को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया. अलमास खां के यदि परफॉर्मेंस के आंकड़े पर नजर डालें तो उन्होंने मैच में एक गोल दागने के साथ पेनल्टी शूटआउट के दौरान बतौर गोलकीपर दो गोल भी सेफ (गोल रक्षण) किये. इस अवसर पर आमंत्रित पूर्व मंत्री बृजकिशोर बिंद, भभुआ की पूर्व विधायक रिंकी रानी पांडेय, बीजेपी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय, मोहनिया के पूर्व विधायक निरंजन राम, पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र पांडेय, पूर्व उपाध्यक्ष सत्यव्रत पंकज, बीजेपी नेता रामप्यारे ठाकुर, टूर्नामेंट के आयोजक सह बीजेपी के पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश तिवारी समेत कई अन्य जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों ने विजेता टीम को कप देने के साथ दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
