गैस वितरण में लापरवाही या कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई

डीएम ने गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ की समीक्षा बैठक, आपूर्ति सुधारने के दिये निर्देश

डीएम ने गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ की समीक्षा बैठक, आपूर्ति सुधारने के दिये निर्देश उपभोक्ताओं को समय पर मिले सिलिंडर, होम डिलीवरी व पारदर्शी व्यवहार पर दिया गया विशेष जोर भभुआ नगर. जिले में एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह ने समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में मंगलवार को गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक में डीएम ने जिले में गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी एलपीजी एजेंसियां निर्धारित समय सीमा के भीतर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित करें. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी या लापरवाही पाये जाने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी. साथ ही बुकिंग के अनुरूप ही गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने व उपभोक्ताओं के साथ पारदर्शी व्यवहार बनाये रखने पर विशेष जोर दिया. बैठक के दौरान गैस सिलिंडर के स्टॉक की उपलब्धता, वितरण प्रणाली व उपभोक्ता सेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से आपूर्ति व्यवस्था की मॉनीटरिंग करें व किसी भी समस्या की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें. उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध व प्रभावी समाधान किया जाये, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. आपूर्ति शृंखला को मजबूत बनाने व सभी क्षेत्रों में समान रूप से गैस उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया. इस बैठक में पुलिस अधीक्षक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा जिले के सभी एलपीजी गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. बैठक में लिये गये निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले में गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जतायी गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >