कैमूर में दूसरी सोमवारी पर मुंडेश्वरी धाम में उमड़ा भक्तों का भीड़, सवा लाख श्रद्धालुओं ने किए माता के दर्शन

सावन की दूसरी सोमवारी पर ऐतिहासिक माता मुंडेश्वरी धाम में सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

Kaimur News : सावन महीने की दूसरी सोमवारी पर ऐतिहासिक माता मुंडेश्वरी धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. सोमवार की सुबह सूर्य की लालिमा के साथ ही शिवभक्त कांवरियों और श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. मंगला आरती के समय मंदिर की सीढ़ियों से लेकर ऊपर मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की भीड़ खचाखच भरी रही. शाम तक मंदिर न्यास समिति ने करीब सवा लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान जताया.

जयघोष से गूंजता रहा पूरा पहाड़ी क्षेत्र

श्रद्धालु हाथों में चुनरी, प्रसाद और अन्य पूजन सामग्री लेकर माता मुंडेश्वरी और चतुर्मुखी महादेव के दर्शन के लिए कतार में खड़े रहे. इस दौरान पूरा पहाड़ी क्षेत्र हर-हर महादेव और जय मां मुंडेश्वरी के जयघोष से गूंजता रहा. भीषण भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं में दर्शन-पूजन को लेकर उत्साह बना रहा.

रविवार को भी पहुंचे थे करीब एक लाख श्रद्धालु

मंदिर न्यास समिति के अनुसार सोमवार शाम तक करीब सवा लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. इससे एक दिन पहले रविवार को भी लगभग एक लाख श्रद्धालुओं ने माता मुंडेश्वरी का दर्शन-पूजन किया था. सावन के दिन बढ़ने के साथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है.

सुरक्षा और सुविधा के लिए तैनात रहा विशेष बल

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष सुरक्षा बल तैनात किये गये थे. समिति के कर्मचारी भी श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने में लगातार जुटे रहे. धाम में दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गयी.

पंचमुखी महादेव का कराया गया रुद्राभिषेक

सोमवारी के अवसर पर मंदिर न्यास समिति की ओर से पंचमुखी महादेव का रुद्राभिषेक कराया गया. इसके अलावा कई श्रद्धालुओं ने अग्रिम बुकिंग कराकर महामंडलेश्वर भगवान शिव का महारुद्राभिषेक भी कराया. धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर मंदिर परिसर में विशेष माहौल बना रहा.

गुप्ताधाम से लौटने वाले श्रद्धालु भी पहुंचे मुंडेश्वरी

बताया जाता है कि माता मुंडेश्वरी मंदिर को विश्व के प्राचीनतम मंदिरों में से एक माना जाता है. सावन में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुप्ताधाम में दर्शन-पूजन करने के बाद लौटते समय माता मुंडेश्वरी धाम पहुंचे और दर्शन कर अपने घर रवाना हुए. वहीं स्थानीय श्रद्धालुओं में भी काफी संख्या में लोग दर्शन के बाद बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए.

वाहनों को पहाड़ी पर ले जाने पर रही रोक

न्यास के सचिव अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को श्रद्धालुओं के वाहनों को धाम की पहाड़ी पर ले जाने पर रोक लगायी गयी थी. इसका उद्देश्य सड़क पर जाम की स्थिति रोकना और श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन-पूजन की सुविधा उपलब्ध कराना था.

थानाध्यक्ष चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि प्रोटोकॉल के अनुसार केवल संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को ही धाम में वाहन ले जाने की अनुमति थी. पुलिसकर्मियों ने व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराया, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी नहीं हो.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pankaj singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >