Kaimur News : जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय शहीद भवन में बुधवार को कांग्रेस संगठन के विस्तार को लेकर बैठक आयोजित की गयी. बैठक में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से कैमूर जिले के पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये अरविंद कुमार शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे. अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा ने की.
पंचायत और वार्ड स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
बैठक को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से संगठन को मजबूत करने के लिए कई कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं. इनमें ‘चलो पंचायत, चलो वार्ड’ और ‘हर घर झंडा अभियान’ प्रमुख हैं. उन्होंने कहा कि जिला कार्यकारिणी का विस्तार, प्रखंड कमेटियों का गठन और पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें सौंपी है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पंचायत, प्रखंड और जिला कमेटियों का गठन किया जायेगा. इसके साथ ही बीएलए-2 तथा मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी पूरी की जायेगी. संगठन को धरातल पर मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे.
सितंबर में चलाया जायेगा ‘चलो गांव, चलो पंचायत’ अभियान
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रत्येक माह संगठन को लेकर नये कार्यक्रम और लक्ष्य निर्धारित किये जाते हैं, जिन्हें कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरा किया जाता है. सितंबर माह में ‘चलो गांव, चलो पंचायत’ अभियान के तहत विभिन्न प्रखंडों में बैठकें आयोजित कर संगठन को और मजबूत किया जायेगा.
Also Read : कोचस प्रखंड कार्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय चौबे, बिहार प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव एवं कैमूर जिला प्रवक्ता रोजा फारूकी, भभुआ प्रखंड अध्यक्ष हरीश कुमार तिवारी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सूचित पांडेय, कार्यालय सचिव महेंद्र राम, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अभिनव सिंह, मोहनियां प्रखंड अध्यक्ष राम प्रवेश सिंह, कुदरा प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह सहित महिला नेत्री उषा कुमारी और सुनीता देवी मौजूद रहीं. इसके अलावा बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने बैठक में हिस्सा लिया.
Also Read : कैमूर: वाराणसी से टाटा जा रही यात्री बस की डिग्गी से 194.58 लीटर शराब बरामद, धंधेबाज गिरफ्तार
