Bihar Health News : गंभीर और असाध्य बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए बिहार सरकार ने बड़ी राहत दी है. मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष (CMMAF) के तहत अब पात्र मरीजों को इलाज के लिए अधिकतम 4 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी. पहले इस योजना के तहत अधिकतम 2.5 लाख रुपये की सहायता मिलती थी.
Kaimur News : महंगे इलाज का बोझ होगा कम
सरकार के इस निर्णय से कैंसर, किडनी, हृदय, लीवर, न्यूरो समेत अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को पहले की तुलना में अधिक वित्तीय सहायता मिलेगी. इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज कराने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
इलाज की बढ़ती लागत को देखते हुए बढ़ी सहायता राशि
सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष का लाभ निर्धारित पात्रता वाले मरीजों को आवेदन और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद दिया जाएगा. बीमारी की गंभीरता और इलाज की लागत के आधार पर सहायता राशि स्वीकृत की जाएगी. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इलाज की बढ़ती लागत को देखते हुए यह फैसला समयानुकूल है और इससे आर्थिक तंगी के कारण इलाज बीच में छोड़ने वाले मरीजों की संख्या घटेगी.
जयप्रभा मेदांता अस्पताल में भी मिलेगा लाभ
राज्य सरकार और जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, कंकड़बाग (पटना) के बीच हुए समझौते के तहत आरक्षित 25 प्रतिशत बेड पर रेफरल के माध्यम से भर्ती होने वाले मरीज भी इस बढ़ी हुई सहायता राशि का लाभ ले सकेंगे. नई व्यवस्था के अनुसार ऐसे मरीजों के इलाज पर भी 4 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध होगी.
अधिक मरीज होंगे योजना के दायरे में
सिविल सर्जन डॉ. चंदेश्वरी रजक ने बताया कि आय सीमा और सहायता राशि बढ़ने से अब बड़ी संख्या में ऐसे मरीज भी योजना का लाभ उठा सकेंगे, जो पहले पात्रता की शर्तों के कारण इससे वंचित रह जाते थे. उन्होंने पात्र लाभार्थियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर योजना का लाभ लेने की अपील की.
