नाला जाम होने से दुर्गावती बाजार में जलजमाव, वार्ड 11 के लोगों ने बीडीओ से लगाई गुहार

Kaimur News : दुर्गावती प्रखंड के दुर्गावती बाजार में नालियों की नियमित सफाई न होने से गंभीर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. कचरे और गाद से भरे नाले संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ा रहे हैं. स्थानीय लोगों ने बीडीओ से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

Kaimur News : कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड की सावठ पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित दुर्गावती बाजार में मस्जिद के पास नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है. नाला जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क और गलियों में जमा हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

कचरे और गाद से भरा नाला, बढ़ा बीमारी का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं कराई गई है. इसके कारण नाला कचरे और गाद से भर गया है, जिससे गंदा पानी आसपास फैल रहा है. जलजमाव के चलते इलाके में दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. लोगों का कहना है कि इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बना हुआ है.

शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

बाजारवासी नाजीर फारूकी सहित अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और स्थानीय स्तर पर शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.

बीडीओ को आवेदन देकर की सफाई और मरम्मत की मांग

समस्या से परेशान वार्ड संख्या 11 के लोगों ने सामूहिक रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को आवेदन सौंपा है. आवेदन में नाले की तत्काल सफाई, आवश्यक मरम्मत और नियमित देखरेख सुनिश्चित करने की मांग की गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं.

Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sachidanand singh

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >