Headline: कैमूर के चैनपुर बाजार में बिजली तार जलने से दहशत, बार-बार कटौती से परेशान हुए लोग
Kaimur Short Circuit Fire : कैमूर जिले के चैनपुर बाजार में विद्युत विभाग की लापरवाही से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है. कवरयुक्त विद्युत तार के बार-बार जलने और टूटकर गिरने की घटनाओं से बाजार के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है. लोगों का कहना है कि अब यह भरोसा नहीं रह गया है कि कब और कहां बिजली का तार टूटकर गिर जाए और बड़ा हादसा हो जाए.
बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण जहां लोग पहले से परेशान थे, वहीं तारों में आग लगने की घटनाओं ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है. बाजार के लोगों का आरोप है कि लंबे समय से कमजोर तारों को बदलने की मांग की जा रही है, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है.
Kaimur News : बुधवार को तार जलने से मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, बुधवार को पूरे दिन चैनपुर बाजार में बिजली की आंख-मिचौली जारी रही. देर शाम बिजली आपूर्ति शुरू हुई तो बाजार में लगे कवरयुक्त विद्युत तार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते तार जलने लगा और तेज आवाज के साथ गलकर नीचे गिरने लगा.
तार जलता देखकर बाजार में मौजूद दुकानदार और राहगीर सहम गए. लोगों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित किया और तुरंत इसकी सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को दी. सूचना मिलने के बाद सुरक्षा के लिहाज से चैनपुर फीडर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई.
Power Cut : रातभर बिजली गुल, पानी के लिए भी परेशानी
तार जलने की घटना के बाद चैनपुर बाजार की बिजली पूरी रात बंद रही. भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. घरों में लगे पानी के टैंक नहीं भर सके, जिससे कई परिवारों के सामने पेयजल की समस्या खड़ी हो गई.
स्थानीय लोगों ने बताया कि दिन में भी तार में आग लगने की घटना हुई थी, जिसके बाद मरम्मत के नाम पर कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही. इसका असर चैनपुर फीडर से जुड़े एक दर्जन से अधिक गांवों पर भी पड़ा और वहां रहने वाले लोग गर्मी में परेशान रहे.
बिजली आने के बाद फिर दोबारा जला तार
बुधवार शाम को बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन कुछ ही समय बाद उसी स्थान पर दोबारा कवरयुक्त तार में आग लग गई. तार धू-धू कर जलने लगा, जिसके बाद फिर से बिजली काटनी पड़ी.
बाद में बाजार की लाइन को अलग कर फीडर के दूसरे क्षेत्रों में बिजली बहाल कर दी गई, लेकिन चैनपुर बाजार के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर रहे.
उपभोक्ताओं ने विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
स्थानीय निवासी असलम खलीफा ने कहा कि विभाग उपभोक्ताओं से शहरी दर के हिसाब से बिजली बिल वसूल करता है, लेकिन सुविधा ग्रामीण क्षेत्रों से भी खराब मिल रही है.
वहीं वकील खलीफा ने कहा कि कमजोर और पुराने तारों के कारण बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने आशंका जताई कि अगर समय रहते तार नहीं बदले गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
राजेश त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि शिकायत करने के लिए जब विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन किया जाता है तो कई बार कॉल तक रिसीव नहीं किया जाता, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है.
गुरुवार को भी जारी रही बिजली की समस्या
बुधवार की घटना के बाद गुरुवार सुबह से भी चैनपुर बाजार में बिजली आपूर्ति बाधित रही. कई घंटे बाद बिजली आई, लेकिन इसके बाद भी समस्या खत्म नहीं हुई. लोगों के अनुसार, हर दो मिनट पर बिजली कट जा रही थी.
लोगों ने बताया कि बिजली आने पर जैसे ही वे मोटर चलाने या अन्य जरूरी काम करने पहुंचते, तुरंत बिजली फिर से कट जाती. इससे लोगों को राहत मिलने के बजाय परेशानी और बढ़ गई.
इस संबंध में कनीय विद्युत अभियंता शंभू कुमार सिंह ने बताया कि चैनपुर बाजार में जले हुए तार की मरम्मत कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही बाजार क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी.
फिलहाल स्थानीय लोग विभाग से स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि बार-बार होने वाली तार जलने की घटनाओं पर रोक लग सके और किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके.
Also Read : कैमूर में PM आवास योजना के नाम पर रिश्वत लेते अधिकारी का वीडियो वायरल,आवास सहायक समेत दो गिरफ्तार
