Kaimur Animal Smuggling : कैमूर जिले में नए एसपी के पदभार ग्रहण करने के बाद मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है. 7 जुलाई से 15 जुलाई 2026 के बीच विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है.
इन नौ दिनों में पुलिस ने 10 वाहनों को जब्त करते हुए 288 मवेशियों को बरामद किया है. साथ ही एक नाबालिग समेत कुल 21 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है.
Kaimur News : कई थाना क्षेत्रों में चला संयुक्त अभियान
पुलिस द्वारा दुर्गावती, चैनपुर, मोहनियां, कुदरा और सोनहन थाना क्षेत्रों में गुप्त सूचना के आधार पर लगातार वाहन जांच अभियान चलाया गया. यह जांच विशेष रूप से एनएच-19, जीटी रोड और अन्य प्रमुख मार्गों पर की गई.
जांच के दौरान ट्रक, कंटेनर, पिकअप और स्कॉर्पियो जैसे वाहनों की तलाशी ली गई, जिनमें मवेशियों को अमानवीय तरीके से भरकर ले जाया जा रहा था.
12 जुलाई को सबसे बड़ी कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई को दुर्गावती थाना क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई की गई. यहां एक ट्रक से 170 मवेशियों को बरामद किया गया और चार तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया.
इसके अलावा 15 जुलाई को मोहनिया थाना पुलिस ने एक कंटेनर से 30 मवेशियों को बरामद करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया.
सभी मामलों में दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि मवेशी तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
पुलिस की इस सख्ती से जिले में अवैध मवेशी तस्करी पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है.
Also Read : कैमूर में जहरीले सांप के काटने से 2 वर्षीय बच्चे की मौत, खेलते-खेलते थम गई मासूम की सांसें
