कैमूर: बुलेटिन बोर्ड बना ज्ञान की पाठशाला, शिक्षक के नवाचार से छात्रों में बढ़ी सीखने की ललक

कैमूर के रामगढ़ स्थित पीएम श्री 2 उच्च विद्यालय में शिक्षक डॉ. श्रीकृष्ण सिंह बुलेटिन बोर्ड को ज्ञान, प्रेरणा और रचनात्मकता का केंद्र बना रहे हैं. उनके अभिनव तरीकों से छात्रों में सीखने की नई ऊर्जा जागृत हुई है.

Kaimur News : विद्यालय का बुलेटिन बोर्ड अब केवल सूचना चस्पा करने की जगह नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, प्रेरणा और रचनात्मकता का केंद्र बन गया है. पीएम श्री 2 उच्च विद्यालय, रामगढ़ में शिक्षक डॉ. श्रीकृष्ण सिंह अपने नवाचारों से इसे छात्रों के लिए सीखने का आकर्षक माध्यम बना रहे हैं.

बुलेटिन बोर्ड पर रोज नई जानकारी

डॉ. श्रीकृष्ण सिंह प्रतिदिन बुलेटिन बोर्ड पर समाचार पत्रों की महत्वपूर्ण कटिंग, सामान्य ज्ञान, प्रेरक प्रसंग, कविताएं, चित्र और अन्य ज्ञानवर्धक सामग्री प्रदर्शित करते हैं. इससे विद्यार्थियों को नियमित रूप से नई जानकारियां मिलती हैं और उनमें पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों के प्रति भी रुचि बढ़ रही है.

चेतना सत्र में देते हैं प्रेरणा

विद्यालय के चेतना सत्र में डॉ. सिंह महापुरुषों की जीवनियां, प्रेरक प्रसंग, नीति श्लोक और नैतिक मूल्यों से जुड़े विचार साझा करते हैं. इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक मूल्यों का विकास हो रहा है.

पौधरोपण और स्वच्छता अभियान में भी सक्रिय

जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण, स्वच्छता और परिसर को सुंदर बनाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है. उनके प्रयासों से विद्यालय का वातावरण अधिक प्रेरणादायक और अध्ययनशील बना है.

नवाचार के लिए मिल चुके हैं सम्मान

शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारी कार्यों के लिए डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को 'टीचर्स ऑफ द मंथ' सहित जिला एवं प्रखंड स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है. विद्यालय के प्रधानाचार्य पवन कुमार एवं अन्य शिक्षकों ने कहा कि उनके प्रयासों से छात्रों में सीखने की नई ऊर्जा और रचनात्मक सोच विकसित हुई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjay jaiswal

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >