कैमूर: कुदरा में भाजयुमो के युवा शक्ति अभियान में उमड़ी युवाओं की भीड़, जितेंद्र सिंह ने कहा- राष्ट्र निर्माण में आगे आए युवा

कुदरा में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह ने युवा शक्ति जनसम्पर्क अभियान के तहत युवाओं को राष्ट्र निर्माण और विकास के लिए प्रेरित किया।

Kaimur News : कैमूर जिले के कुदरा नगर पंचायत स्थित एक निजी होटल में भारतीय जनता युवा मोर्चा, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता कुदरा पहुंचे. इसके बाद यहां युवा शक्ति जनसंपर्क अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

भारत माता के जयघोष से गूंजा कार्यक्रम स्थल

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि और दीप प्रज्वलन के साथ हुई. भाजयुमो कैमूर जिलाध्यक्ष रिशभ प्रताप सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह का फूल-माला एवं मां मुंडेश्वरी की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया. कार्यक्रम स्थल पर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और भारत माता की जय तथा युवा शक्ति के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा.

युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत : जितेंद्र सिंह

मुख्य अतिथि भाजयुमो बिहार के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि बिहार का युवा नई ऊर्जा, नई सोच और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है. युवा मोर्चा का उद्देश्य केवल युवाओं को संगठन से जोड़ना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है.

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है. शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, खेल और तकनीक के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं.

गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचने का आह्वान

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवा शक्ति जनसंपर्क अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचकर उनकी समस्याओं और विचारों को सुनने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर युवाओं से संवाद करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया.

उन्होंने कैमूर के युवाओं की बड़ी भागीदारी के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि कुदरा में युवाओं का उत्साह बिहार की युवा शक्ति के जागरण का प्रमाण है.

युवाओं को सही दिशा और अवसर जरूरी : संतोष सिंह

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री एवं बिहार विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह ने कहा कि बिहार की धरती प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवाओं की भूमि रही है. आज जरूरत है कि युवा शक्ति को सही दिशा, अवसर और नेतृत्व मिले.

उन्होंने कहा कि भाजयुमो युवाओं को संगठनात्मक रूप से मजबूत करने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारी का बोध कराने का काम कर रहा है. कुदरा में बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति यह दर्शाती है कि युवा वर्ग विकास और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है.

संगठन को मजबूत करने में युवाओं की अहम भूमिका

भाजपा कैमूर जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय ने कहा कि भाजपा हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने और नेतृत्व का अवसर देने में विश्वास करती है. भाजयुमो संगठन की युवा शक्ति है और सरकार की उपलब्धियों एवं पार्टी की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में युवा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है.

उन्होंने कहा कि कुदरा में प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह के प्रथम आगमन पर युवाओं की भागीदारी कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण को दर्शाती है.

जिले के युवाओं से सीधा संवाद अभियान का उद्देश्य

भाजयुमो कैमूर जिलाध्यक्ष रिशभ प्रताप सिंह ने कहा कि युवा शक्ति जनसंपर्क अभियान का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना है. उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंडल पदाधिकारियों, युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं और युवाओं का आभार जताया.

कार्यक्रम के दौरान युवा कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं के बीच लगातार जनसंपर्क करने तथा समाज एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया.

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो जिला महामंत्री आलोक श्रीवास्तव ने किया. मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दीनानाथ सिंह, जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, भाजयुमो जिला महामंत्री राकेश प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष चंदन तिवारी, रजनीश सिंह, नीलेश कुशवाहा, राजन तिवारी, मिथिलेश सिंह, जिला मंत्री अमरीश तिवारी, अमित सिंह, जितेंद्र पांडेय, जिला कोषाध्यक्ष रितेश सिंह, जिला सोशल मीडिया संयोजक शुभम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे.

भाजयुमों के प्रदेश अध्यक्ष का कुदरा में हुआ भव्य स्वागत | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतेंद्र सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >