जेल में पारदर्शिता बढ़ाने की पहल, भभुआ में लीगल एड सेंटर का शुभारंभ; परिजनों को बड़ी राहत

Bihar News: कैमूर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा विधिक सहायता केंद्र का उद्घाटन किया गया. इसके जरिए बंदियों के परिजनों को मुलाकात, केस की जानकारी और निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.

Bihar News: (अमित कुमार सिन्हा) कैमूर जिले के भभुआ सदर स्थित मंडलकारा में बंदियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए विधिक सहायता केंद्र (Legal Aid Help Desk) का शुभारंभ किया गया. इस पहल का उद्देश्य जेल में बंद कैदियों के परिजनों को न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी और सहायता उपलब्ध कराना है.

मुलाकात से न्याय तक अभियान के तहत पहल

यह केंद्र पटना हाईकोर्ट के आदेश और जिला जज सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष अनुराग के निर्देश पर शुरू किया गया है. मुलाकात से न्याय तक अभियान के तहत लोगों को उनके अधिकारों और कानूनी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा.

विधिक प्रक्रिया में मिलेगी सहायता

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव डॉ. शैल ने बताया कि इस निःशुल्क कानूनी सहायता केंद्र का मुख्य उद्देश्य परिजनों को केस की स्थिति, जमानत प्रक्रिया, जेल से संबंधित समस्याओं और अन्य कानूनी अधिकारों की जानकारी देना है. परिजन अपनी समस्याएं यहां मौजूद पैरा लीगल वालंटियर और अधिवक्ताओं के माध्यम से रख सकेंगे.

निःशुल्क अधिवक्ता की भी सुविधा

उन्होंने बताया कि यदि कोई बंदी आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है तो उसे जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाएगा. साथ ही परिजनों को बंदियों से मुलाकात की प्रक्रिया और उनके स्वास्थ्य व अधिकारों की जानकारी भी दी जाएगी.

मौलिक अधिकारों की भी दी जाएगी जानकारी

हेल्प डेस्क के माध्यम से परिजनों और बंदियों को संविधान के अनुच्छेद 22 सहित उनके मौलिक कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि उन्हें न्याय प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो.

उद्घाटन में रहे अधिकारी मौजूद

इस अवसर पर जेल अधीक्षक संदीप कुमार, डीपीटी चीफ जितेन्द्र उपाध्याय, पैनल अधिवक्ता पंकज कुमार, प्रभाकर दुबे, स्टोनो धीरज कुमार, विनीत कुमार, पीएलवी अनुराग कुमार, रिंकू देवी सहित कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.

Also Read:रोहतास में पंचायत चुनाव से पहले चुनावी सरगर्मी तेज, 13 पार्षदों के बीच मुकाबला दिलचस्प

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Raginisharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >