कैमूर में संदिग्ध हालत में मिला व्यक्ति का शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका

Bihar News: कैमूर में शुक्रवार सुबह एक 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है और जांच शुरू कर दी है.

Bihar News:(विनोद कुमार सिंह) कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने काली माता मंदिर के पूरब स्थित खेत में एक व्यक्ति का शव देखा. शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना मोहनिया थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि व्यक्ति की हत्या कहीं और कर शव को खेत में फेंका गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. ग्रामीणों के अनुसार मृतक स्थानीय व्यक्ति प्रतीत नहीं हो रहा है, जिससे उसकी पहचान को लेकर भी संशय बना हुआ है.

मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके.

पहचान की कोशिश में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव की पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही गुमशुदगी से संबंधित मामलों की भी जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके.

पुलिस का बयान

मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. उन्होंने कहा कि शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है.

Also Read:रोहतास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मादक पदार्थ तस्करी का खुलासा, छापेमारी में एक गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Raginisharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >