Kaimur Crime News : भभुआ में किशोरी के नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर कथित रूप से अश्लील फोटो-वीडियो पोस्ट करने और उसका मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है. किशोरी की शिकायत पर भभुआ थाने की पुलिस ने पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र के खगौल आनंद बाजार निवासी मो तौसीफ अनवर, पिता अन्नू खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
किशोरी ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने उसके नाम और पहचान का इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाया. इसके बाद उस अकाउंट से उसकी अश्लील फोटो और वीडियो पोस्ट किये जाने लगे. इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा उसका मोबाइल नंबर भी फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से दूसरे लोगों तक भेजे जाने का आरोप है. सोशल मीडिया पर इस तरह की सामग्री प्रसारित होने से किशोरी की परेशानी बढ़ गयी है.
कैमूर की अन्य खबरें यहां क्लिक कर पढ़ें.
गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी का आरोप
किशोरी के अनुसार, जब उसने इस हरकत का विरोध करते हुए शिकायत की, तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की. आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गयी. इसके बाद किशोरी ने परिजनों को मामले की जानकारी दी और भभुआ थाने में शिकायत दर्ज करायी है.
डिजिटल साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई में जुट गयी है. जांच के दौरान फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, पोस्ट किये गये फोटो-वीडियो, मोबाइल नंबर के प्रसारण और संबंधित डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है.
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि सोशल मीडिया अकाउंट किस मोबाइल नंबर या डिवाइस से संचालित किया गया और कथित आपत्तिजनक सामग्री किन-किन लोगों तक पहुंचायी गयी. पुलिस की जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
यह भी पढ़ें : कैमूर में साइबर ठगी की रकम पुलिस ने करायी वापस, समय पर शिकायत से पीड़िता को मिली राहत
