सीवों में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन भभुआ सदर. प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार कैमूर के निर्देश पर रविवार को भभुआ प्रखंड के पंचायत भवन सीवों में विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े दिव्यांग बच्चों को उनके अधिकारों व मुख्यधारा से जोड़ने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गयी. पैनल अधिवक्ता प्रदीप कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों व प्रतिनिधियों को बताया कि नालसा 2021 योजना केवल एक नियम नहीं, बल्कि दिव्यांग बच्चों के लिए सुरक्षा कवच है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी दिव्यांग बच्चा विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त कर सकता है. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य व सरकारी योजनाओं में मिलने वाले आरक्षण व अधिकारों पर भी प्रकाश डाला. पीएलवी हसन राय ने आगामी नौ मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि लोग अपने सुलह योग्य वादों, जैसे बैंक ऋण, बिजली बिल, पारिवारिक विवाद व अन्य दीवानी मामलों का इस लोक अदालत में आपसी सहमति से निस्तारण करा सकते हैं. उन्होंने बताया कि लोक अदालत में मामलों के निबटारे से समय व धन दोनों की बचत होती है व आपसी भाईचारा बना रहता है. शिविर में विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री नंबर 15100 व जिला न्यायालय स्थित डीएलएसए कार्यालय के बारे में भी जानकारी दी गयी. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण व स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
दिव्यांग बच्चों के अधिकारों के प्रति किया जागरूक
सीवों में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
