कैमूर में पुरानी रंजिश में घर में घुसकर हमला, एक ही परिवार के कई लोग घायल, पुलिस जांच जारी

कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है. इस हमले में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Kaimur Crime News : कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के पहड़ियां खुर्द गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर कथित तौर पर घर में घुसकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. मारपीट में परिवार के कई लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है. पीड़ित ने छह लोगों के खिलाफ थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप

पहड़ियां खुर्द गांव निवासी हीरालाल प्रसाद ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 7 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे उनके भाई लल्लन प्रसाद, उनके पुत्र रमेश प्रसाद और रामप्रवेश प्रसाद, कृष्णकांत, तेतरी देवी तथा देवंती देवी पुरानी रंजिश को लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर सभी लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और अन्य धारदार हथियार लेकर घर में घुस गए और हमला कर दिया.

हमले में परिवार के कई सदस्य घायल

पीड़ित के अनुसार हमले में वह स्वयं, उनका पुत्र करण प्रसाद, पत्नी बिरंजी देवी, बहू रामनी देवी, नतिनी संगीता कुमारी, मनीषा कुमारी समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए. सभी का पहले स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया.

छह लोगों पर कार्रवाई की मांग

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने भगवानपुर थाने पहुंचकर छह लोगों के विरुद्ध नामजद आवेदन दिया और घर में घुसकर मारपीट व जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की.

पुलिस ने जांच शुरू की

भगवानपुर थाना पुलिस ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त हुआ है. शिकायत के आधार पर घटना की जांच की जा रही है. जांच के बाद साक्ष्यों के अनुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pankaj singh

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >