Kaimur News : प्याज की खेती करने वाले किसानों को फसल के सुरक्षित भंडारण की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से प्याज भंडारण योजना संचालित की जा रही है. योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसानों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गयी है. इसके तहत निर्धारित क्षमता का प्याज भंडारण गोदाम बनाने पर किसानों को सरकार की ओर से अनुदान दिया जायेगा.
पोर्टल खुला, किसान ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
कृषि विभाग के अनुसार योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. प्रखंड उद्यान पदाधिकारी भभूतहरेंद्र तिवारी ने बताया कि प्याज भंडारण योजना का पोर्टल खुल गया है और पात्र किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं.
अधिक आवेदन आने पर लॉटरी से होगा चयन
योजना के लिए निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर लाभुक किसानों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जायेगा. विभाग ने स्पष्ट किया है कि पहले आवेदन करने वाले किसानों को स्वतः प्राथमिकता मिलने की गारंटी नहीं है. ऐसे में सभी पात्र किसानों को चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आवेदन करना होगा.
दस्तावेज और बैंक की जानकारी सही देना जरूरी
प्रखंड उद्यान पदाधिकारी ने किसानों से आवेदन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज और बैंक खाते से संबंधित जानकारी सही-सही उपलब्ध कराने की अपील की है. इससे आवेदन के सत्यापन के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होगी. उन्होंने किसानों को अंतिम समय का इंतजार नहीं करने की सलाह दी है.
फसल को कम कीमत पर बेचने की मजबूरी होगी कम
विभाग के अनुसार प्याज के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिलने से किसानों को फसल तैयार होते ही कम कीमत पर बेचने की मजबूरी से राहत मिल सकती है. किसान प्याज को सुरक्षित रखकर बाजार की स्थिति के अनुसार उचित समय पर बिक्री कर सकेंगे. इससे उन्हें बेहतर मूल्य मिलने की संभावना भी बढ़ेगी.
