गैस किल्लत के बीच प्रशासन का दावा, सुचारू हुई होम डिलीवरी सेवा

प्रशासन ने सक्रिय बतायी होम डिलीवरी, माले ने गलियों से वेंडर गायब होने का लगाया आरोप

फोटो 14 गैस एजेंसी का किया जा रहा औचक निरीक्षण जिले की गैस एजेंसियों के पास 5019 घरेलू गैस सिलिंडर उपलब्ध प्रशासन ने सक्रिय बतायी होम डिलीवरी, माले ने गलियों से वेंडर गायब होने का लगाया आरोप भभुआ. लोगों के सामने लगातार संकट का सबब बनती जा रही गैस की किल्लत के बीच जिला प्रशासन ने गैस की होम डिलीवरी सेवा सक्रिय रूप से संचालित कराये जाने का दावा किया है. साथ ही जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य व सुचारू रूप से होते हुए वितरण की प्रक्रिया भी निरंतर जारी रहने की बात प्रशासनिक प्रेस नोट में कही गयी है. गौरतलब है कि तीन-चार दिन पहले प्रमंडलीय आयुक्त पटना अनिमेष कुमार पराशर द्वारा जिले में गैस व पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति व वितरण की समीक्षा के क्रम में पाया गया था कि जिले में जरूरत के हिसाब से प्रतिदिन 1293 सिलिंडर कम प्राप्त हुए थे. मार्च माह में खपत के हिसाब से जिले में बीपीससीएल, आईओसीएल तथा एचपीसीएल गैस की आपूर्ति करने वाली 19 गैस एजेंसियों को 14 हजार 311 सिलिंडर कम प्राप्त हुए थे. यही नहीं, इसी बीच भाकपा माले द्वारा भी प्रेस नोट जारी कर कहा गया था कि गैस को लेकर प्रशासन द्वारा की जाने वाली होम डिलीवरी सेवा कहीं देखी नहीं जा रही है. गलियों व सड़कों पर ठेले वाले वेंडर या ऑटो वाली गैस गाड़ियां भी नहीं दिखाई दे रही हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. बहरहाल, प्रशासन ने शुक्रवार को होम डिलीवरी सेवा सक्रिय व प्रभावी रूप से संचालित कराये जाने का दावा किया है. इधर, प्रशासन द्वारा जारी किये गये प्रेस नोट के अनुसार शुक्रवार को जिले में 7 हजार 206 एलपीजी घरेलू गैस सिलिंडर उपलब्ध थे, जिनमें से 2107 सिलिंडर का वितरण किया जा चुका था. शेष पांच हजार 19 गैस सिलिंडर बचे हुए थे, जिनकी वितरण प्रक्रिया जारी थी. जिला प्रशासन द्वारा आम जनों से अपील भी की गयी है कि किसी तरह की समस्या होने पर नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें. कालाबाजारी रोकने को 162 प्रतिष्ठानों की हो चुकी जांच इधर, गैस की कालाबाजारी रोकने व वितरण की सुचारू व्यवस्था बनाये रखने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा अब तक कुल 162 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर जांच की जा चुकी है. इसमें गैस एजेंसियों सहित व्यावसायिक प्रतिष्ठान जैसे होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट आदि भी शामिल हैं. साथ ही गैस वितरण को और अधिक सुदृढ़ व पारदर्शी बनाने को लेकर जिला स्तर पर अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ व मोहनिया द्वारा दंडाधिकारी व पुलिस बल की भी तैनाती की गयी है. पदाधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों व प्रतिष्ठानों पर नियमित छापेमारी भी की जा रही है. इधर, गैस संबंधित समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन के नियंत्रण कक्ष 06189-222080 पर 399 शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 292 शिकायतों का निपटारा भी किया जा चुका है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >