Kaimur pacs election result: रामपुर प्रखंड के अमाव पंचायत में शनिवार को पैक्स चुनाव 66.45 प्रतिशत मतदान के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. मतदान के बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच बेलांव पंचायत सरकार भवन लाया गया, जहां रात आठ बजे से मतगणना शुरू हुई. लगभग छह घंटे चली मतगणना के बाद देर रात परिणाम घोषित किए गए.
525 मतों से जीते अजय चौबे
पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव में अजय चौबे को 915 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुधाकर मिश्रा को 389 मत प्राप्त हुए. इस तरह अजय चौबे ने 525 मतों के अंतर से जीत दर्ज की. वह पूर्व में भी पैक्स अध्यक्ष रह चुके हैं.
11 सदस्यीय समिति के लिए घोषित हुए विजेता
सदस्यीय समिति के चुनाव में पिछड़ा वर्ग महिला कोटे से उमरावती देवी निर्विरोध निर्वाचित हुईं. अन्य विजेताओं में अनुसूचित जाति/जनजाति से उमेश पासवान और संतरा देवी, पिछड़ा वर्ग से नंदू सिंह, अत्यंत पिछड़ा वर्ग से सरिता देवी और हारून रसीद मियां तथा सामान्य वर्ग से जितेंद्र कुमार सिंह, रामप्यारे दुबे, सुग्रीव राय, आशा देवी और ज्योति देवी शामिल हैं.
शांतिपूर्ण रही चुनाव प्रक्रिया
निर्वाचन पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी अनु कुमारी ने बताया कि कुल 1,337 मत पड़े. परिणाम घोषित होने के बाद सभी निर्वाचित प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र सौंपा गया. मतगणना केंद्र और वज्रगृह की सुरक्षा के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और दंगा नियंत्रण बल तैनात रहा. परिणाम घोषित होते ही अजय चौबे के समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर जीत का जश्न मनाया. चुनाव के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
