कैमूर: रात में घर में घुसने के आरोप पर भड़का प्रदर्शन, समाहरणालय गेट जाम कर पुलिस कार्रवाई की मांग

कैमूर जिले में भगवानपुर थाना पुलिस पर आधी रात को घर में घुसकर जबरन तलाशी लेने और परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा है. अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय गेट जाम कर विरोध प्रदर्शन किया.

Kaimur Police Protest : कैमूर जिले में भगवानपुर थाना पुलिस पर आधी रात को घर में घुसकर कथित रूप से जबरन तलाशी लेने और परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन (एआईकेएमयू) के कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने कुछ देर के लिए समाहरणालय गेट जाम कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर जाम समाप्त कराया गया.

Kaimur News : भगवानपुर पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

प्रदर्शन का नेतृत्व अशोक बैठा ने किया. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि 12 जुलाई की रात करीब एक बजे भगवानपुर थाना पुलिस ग्राम खीरी स्थित भाकपा माले के भगवानपुर प्रखंड सचिव फिरोज राइन के घर पहुंची. पुलिस ने बिना वारंट घर में प्रवेश कर सो रहे परिवार के सदस्यों को जगाया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस ने घर की अलमारी और बक्से खुलवाकर सामान इधर-उधर बिखेर दिया.

'बंदूक और शराब की सूचना' बताकर की गई तलाशी

प्रदर्शनकारियों के अनुसार पुलिस का कहना था कि उन्हें घर में अवैध हथियार और शराब होने की गुप्त सूचना मिली थी. आरोप है कि जब परिवार के लोगों ने वरीय अधिकारियों के आदेश या वारंट के बारे में पूछा तो पुलिसकर्मियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कथित तौर पर धमकी भी दी. यह भी आरोप लगाया गया कि घटना का मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने रिकॉर्डिंग पूरी नहीं होने दी.

एसडीपीओ के हस्तक्षेप के बाद खुला जाम

समाहरणालय गेट जाम होने की सूचना पर एसडीपीओ भभुआ सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और आवागमन सामान्य हो सका.

एसपी को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

प्रदर्शन के बाद अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कैमूर को आवेदन सौंपकर भगवानपुर थाना पुलिस के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की. फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ranjeet kr patel

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >