भभुआ रोड स्टेशन पर महिला ने दिया बच्ची को जन्म

आरपीएफ व जीआरपी की महिला आरक्षियों ने चादर का घेरा बनाकर करायी डिलीवरी

-आरपीएफ व जीआरपी की महिला आरक्षियों ने चादर का घेरा बनाकर करायी डिलीवरी ट्रेन से महिला आ रही थी अनुमंडलीय अस्पताल, रेलकर्मियों की संवेदनशीलता से बची जच्चा-बच्चा की जान मोहनिया शहर. गया-डीडीयू मंडल स्थित भभुआ रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को रेलवे प्रशासन के साथ आरपीएफ व जीआरपी की मानवीय संवेदना देखने को मिली. इनके सहयोग व तत्परता से एक महिला यात्री का सुरक्षित प्रसव प्लेटफॉर्म पर ही कराया गया, जहां महिला ने एक नन्हीं बच्ची को जन्म दिया. जानकारी के अनुसार, कुदरा थाना क्षेत्र के कझार गांव निवासी लालू चौधरी की 22 वर्षीय पत्नी रीना देवी अपने पति व मां के साथ रूटीन चेकअप के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनिया जा रही थीं. ट्रेन संख्या 63293 अप जैसे ही सुबह 11:32 बजे प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंची, रीना देवी को अचानक तीव्र प्रसव पीड़ा शुरू हो गयी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन अधीक्षक के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक प्रवीण कुमार ओझा, आरक्षी कैशर जमाल खान, जीआरपी इंचार्ज मुन्ना कुमार व महिला आरक्षी मधु साहनी व रिंकू कुमारी ने तत्काल मोर्चा संभाला. अस्पताल से एंबुलेंस के लिए संपर्क किया गया, लेकिन प्रसव पीड़ा तेज होने के कारण मौके पर ही डिलीवरी कराने का निर्णय लिया गया. महिला आरक्षियों व परिजनों के सहयोग से प्लेटफॉर्म पर चारों ओर चादरों से पर्दा बनाकर सुरक्षित घेरा तैयार किया गया. इसी दौरान रीना देवी ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया. बाद में पहुंची एंबुलेंस की मदद से जच्चा-बच्चा व परिजनों को अनुमंडल अस्पताल मोहनिया भेज दिया गया. एंबुलेंस के इंतजार में हुई देरी स्टेशन प्रबंधक आरपी सिंह ने बताया कि महिला यात्री ट्रेन से उतरते ही प्रसव पीड़ा से कराहने लगी थी. अस्पताल को तुरंत सूचना दी गयी थी, परंतु एंबुलेंस 45 मिनट विलंब से पहुंची. इस देरी के कारण मजबूरीवश प्लेटफॉर्म पर ही प्रसव कराना पड़ा. यदि रेल पुलिस व प्रशासन ने तत्परता नहीं दिखायी होती, तो बड़ी परेशानी हो सकती थी. घटना के बाद परिजनों ने रेल प्रशासन व पुलिस टीम की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है. इस पहल ने एक बार फिर रेलकर्मियों की संवेदनशीलता को साबित कर दिया है. -क्या कहते है स्टेशन प्रबंधक इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक आरपी सिंह ने बताया एक महिला यात्री ट्रेन से मोहनिया अस्पताल डिलीवरी चेकअप के लिए आ रही थी. जैसे ही ट्रेन से उतरी की उसे प्रसव पीड़ा होने लगा. इसके बाद अस्पताल में एंबुलेंस के लिए फोन किया गया. लेकिन 45 मिनट विलंब से एंबुलेंस पहुंची, जिसके कारण प्लेटफाॅर्म पर ही रेलवे प्रशासन के साथ आरपीएफ व जीआरपी के सहयोग से सुरक्षित प्रसव कराया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >