क्षमता से अधिक लदा था अनाज, जर्जर डायवर्सन के पास अनियंत्रित हुआ वाहन. बड़ा हादसा टला, बाल-बाल बचे इ-रिक्शा सवार लोग मोहनिया शहर. स्थानीय थाना क्षेत्र के पटना मोड़ से पश्चिम स्थित हुंडा एजेंसी के समीप शनिवार की शाम गेहूं लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बगल से गुजर रहे इ-रिक्शा पर पलट गया. संयोग अच्छा था कि इ-रिक्शा सवार सभी लोग बाल-बाल बच गये व किसी को चोट नहीं आयी है. इधर ट्रैक्टर पलटने से आवागमन बाधित हो गया व घटना के बाद करीब आधे घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा. जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर मोहनिया बाजार की ओर से आ रहा था व उस पर क्षमता से अधिक गेहूं लदा हुआ था. जैसे ही वाहन हुंडा एजेंसी के पास जर्जर डायवर्सन से गुजर रहा था, चालक संतुलन खो बैठा व ट्रैक्टर पास से गुजर रहे एक इ-रिक्शा पर पलट गया. हादसे के बाद ट्रैक्टर पर लदी गेहूं की बोरियां सड़क पर बिख़र गयीं, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व सड़क से बोरियां हटवाकर छोटे वाहनों का परिचालन शुरू कराया. हालांकि, बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहा, जिससे चालक दूसरे रास्तों से गुजरने को मजबूर रहे. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी व वाहनों का परिचालन पुनः शुरू हुआ. गौरतलब है कि शहर में एनएचएआइ द्वारा नाला व सर्विस सड़क निर्माण कार्य के दौरान कई जगहों पर खुदाई कर छोड़ दी गयी है, जिससे सड़क जर्जर हो गयी है व दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. इसी क्रम में पटना मोड़ के पास भी सर्विस सड़क काफी जर्जर हो गयी है, जो निरंतर हादसों का कारण बन रही है.
पटना मोड़ के समीप इ-रिक्शा पर पलटा गेहूं लदा ट्रैक्टर, लगा जाम
क्षमता से अधिक लदा था अनाज, जर्जर डायवर्सन के पास अनियंत्रित हुआ वाहन
