नशा कर इंजेक्टेड सूई व नशे की शीशी फेंक देते हैं जहां तहां
पुलिस को दी गयी सूचना पर नहीं हो रही कार्रवाई
मोहनिया शहर : स्थानीय नगर पंचायत में स्थित वार्ड नौ में स्वास्तिक एजेंसी के बगल से गुजरनेवाली गली इन दिनों नशाखोरों की सैरगाह बन गयी है. यहां दिन में ही इन लोगों का आना शुरू हो जाता है. दिन-रात ये नशा करते हैं व नशे के लिए इस्तेमाल करनेवाली सूई व नशीले पदार्थों की शीशी जहां-तहां फेंक देते हैं.
यह गली स्टेशन रोड को वार्ड नौ व 12 से जोड़ती है. दोनों के वार्ड के लोग इसी गली से होकर आते-जाते हैं. गली के अंतिम छोर के नशेड़ियों का अड्डा बन जाने से स्थानीय लोग खास कर महिलाएं व बच्चे गुजरने से कतराते हैं, लेकिन कोई विकल्प भी नहीं है उनके पास. स्थानीय लोगों ने कहा कि नशा करते हुए वे आपस में गाली गलौज व मारपीट भी करने लगते हैं जिससे आसपास का माहौल भी खराब हो रहा है. वार्ड नौ मोहनिया शहर का पॉश क्षेत्र माना जाता है. यहां रहनेवाले लोगों का कहना है कि नशेड़ियों के कारण वे हमेशा खौफ में रहते हैं व कुछ बोल भी नहीं पाते हैं, इस डर से कि कहीं वे उन पर हमला न कर बैठे. स्थानीय लोगों ने बताया कि थाने को इसकी सूचना भी दी गयी, लेकिन एक सप्ताह बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
क्या कहते हैं स्थानीय लोग
वार्ड के निवासी अश्विनी कुमार सिंह सहित अन्य ने बताया कि पिछले कई माह से नशेड़ियों का जमावड़ा लग रहा है. दिन-रात नशेड़ी यहां ड्रग्स लेते हैं. उन्हें डर लगता है कि कहीं ये लोग घरों को भी निशान न बना लें. लोगों ने कहा कि थाने में मौखिक रूप से शिकायत भी की गयी लेकिन पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गयी.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
इस संबंध में मोहनिया के प्रभारी थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा जानकारी मिली था. शिकायत पर पुलिस को भेजा गया था, लेकिन उस समय एक भी नशेड़ी वहां मौजूद नहीं थी. गली से नशीली दवाइयों की शीशी व ड्रग्स इंजेक्टेड सूई मिली है. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जायेगी.
