नयी कमेटी बनने के बावजूद पुराने सचिव के नाम से चल रहा खाता
हसपुरा : प्रखंड के पीरू पंचायत के मध्य विद्यालय मेहंदीपुर में विद्यालय में कुव्यवस्था को लेकर प्रधानाध्यापक विभा देवी के खिलाफ ग्रामीणों सहित शिक्षा समिति के सदस्यों ने जम कर हंगामा किया.
हंगामा कर रहे लोगों ने बीइओ सहित प्रधानाध्यापक की मनमानी के खिलाफ नारेबाजी कर घंटों विद्यालय का पठन-पाठन ठप कर रखा, जिसका नेतृत्व शिक्षा समिति अध्यक्ष सह वार्ड सदस्य जामेदार साव व सचिव प्रभा देवी ने संयुक्त रूप से किया. जामेदार साव ने कहा कि प्रभारी प्रधानाध्यापक विभा देवी शिक्षा समिति को दरकिनार करके चल रही हैं. पूर्व के सचिव द्वारा खाता संचालन कर मनमानी करते आ रही हैं. गत दिसंबर माह में कोऑर्डिनेटर विश्वजीत कुमार की देखरेख में शिक्षा समिति का गठन किया गया था, जिसमें प्रभा देवी को सचिव चुना गया था. अब तक नये सचिव के साथ खाता नहीं खोला गया.
खाता खोलने के नाम पर टाल-मटोल प्रधानाध्यापक द्वारा किया जाता रहा. मुखिया नागेंद्र सिंह उर्फ राइट ने भी बीइओ से खाता खोलने की तरफ ध्यान आकृष्ट कराया गया. यहां तक की बीडीओ को मुखिया ने ध्यान आकृष्ट कराया. जब नये सचिव के नाम खाता नहीं खुला, तो ग्रामीण प्रधानाध्यापक की मनमानी के खिलाफ आंदोलन पर उतारू हो गये. दिसंबर माह में निरीक्षण में 75 बच्चे उपस्थित थे, तो मध्याह्न भोजन पंजी में 152 बच्चों की हाजिरी बनायी गयी थी. बताया जाता है विद्यालय में शिक्षक भी समय पर कभी नहीं आते.
विद्यालय मेंटेनेंस के लिए 22 हजार रुपये आये थे, उसे भी गोलमाल कर दिया गया. इन तमाम कुव्यवस्था को लेकर ग्रामीण आंदोलन पर उग्र हो गये. आंदोलन में बाबूलाल यादव, बिजेंद्र पासवान, फुलेंद्र पासवान, महेश यादव, मनोज मिस्त्री, उर्मिला देवी, फुलवंती देवी, शिव कुमारी देवी सहित सैकड़ों ग्रामीण प्रधानाध्यापक व बीइओ के खिलाफ विद्यालय परिसर में नारेबाजी कर प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की मांग जिला पदाधिकारी से की.
