Kaimur News : कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 18 वर्षीय युवती के घर से लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों का आरोप है कि युवती घर से निकलते समय सोने के जेवरात और नकदी भी अपने साथ ले गई. काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने चैनपुर थाना में आवेदन देकर उसकी सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई है.
रात में घर से निकली, सुबह होने पर चला पता
युवती की मां ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि 30 जुलाई 2026 की रात करीब दो बजे उनकी पुत्री बिना किसी को बताए घर से चली गई. सुबह जब इसकी जानकारी हुई तो परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.
घर से जेवर और नकदी भी मिले गायब
परिजनों के अनुसार घर की जांच करने पर अलमारी में रखे करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात और 40 हजार रुपये नकद भी गायब मिले. उनका कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवती किसी के बहकावे में आकर नगदी और गहने लेकर घर से चली गई है.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
सुरक्षित बरामदगी के लिए तलाश जारी
पुलिस के अनुसार युवती की सुरक्षित बरामदगी के लिए संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है. साथ ही मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
