कैमूर से किशोरी अचानक लापता, मानसिक स्थिति ठीक नहीं; पिता ने एक परिवार पर लगाया गायब करने का आरोप

चैनपुर थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोरी के गायब होने का मामला सामने आया है। पिता ने एक परिवार पर अपहरण का आरोप लगाया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Kaimur News : चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय किशोरी के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है. काफी खोजबीन के बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं मिलने पर उसके पिता ने चैनपुर थाने में आवेदन देकर करमचट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता-पुत्र और उनकी पत्नियों पर किशोरी को गायब करने का संदेह जताया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है.

19 अगस्त की सुबह घर से निकली, फिर नहीं लौटी

किशोरी के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री 19 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे घर से कहीं चली गयी थी. इसके बाद वह वापस नहीं लौटी. परिजनों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका.

मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही

पिता ने आवेदन में बताया है कि उनकी पुत्री की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. ऐसे में उसके अचानक घर से लापता होने के बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गयी. लगातार तलाश के दौरान परिजनों को किशोरी के करमचट थाना क्षेत्र के एक गांव में होने की जानकारी मिली.

किशोरी की जानकारी देने के बाद परिवार के लोग हुए गायब

सूचना मिलने के बाद किशोरी के पिता वहां पहुंचे. उनका आरोप है कि एक ही परिवार के पिता-पुत्र और उनकी पत्नियों से पूछताछ करने पर बताया गया कि किशोरी वहां आयी थी, लेकिन करीब तीन दिन पहले उसे गाड़ी पर बैठाकर कहीं भेज दिया गया. इसके बाद परिवार के एक महिला सदस्य को छोड़कर बाकी लोग घर से गायब मिले.

पिता को परिवार पर किशोरी को गायब करने का संदेह

परिजनों के मुताबिक, संबंधित परिवार के लोगों के अचानक घर से गायब होने के कारण किशोरी के पिता का संदेह और गहरा गया. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर अपनी पुत्री को जल्द बरामद करने की गुहार लगायी है.

प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोरी के पिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच करते हुए किशोरी की तलाश में जुटी है. पुलिस का कहना है कि किशोरी के बरामद होने के बाद मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रविशंकर सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >