रामगढ़ थाना क्षेत्र के नहरन गांव के कठनहीइयां मौजा में शुक्रवार की दोपहर बाढ़ के पानी में डूबने से 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी. मृतक की पहचान सुभाष मुसहर (12), पिता संजय मुसहर के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. घंटों की मशक्कत के बाद किशोर का शव गोताखोरों द्वारा पानी से निकाला गया. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
कैमूर की अन्य खबरें यहां क्लिक कर पढ़ें.
कैसे हुआ हादसा
बताया जाता है कि लगातार हो रही बारिश और दुर्गावती नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण कनहिया मौजा में बाढ़ का पानी भर गया है. गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के छलका के ऊपर से भी बाढ़ का पानी तेज धार के साथ बह रहा है. शुक्रवार को किशोर सुभाष छलका पार कर गांव की ओर जा रहा था. इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में बह गया. किशोर के पानी में बहने की खबर मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी.
सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया.
हर बरसात में छलका बनता है जानलेवा
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में छलका के ऊपर से तेज धार के साथ पानी गुजरता है. इसके बावजूद यहां न बैरिकेडिंग की व्यवस्था है और न ही सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती की जाती है.
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में छलका पर हादसे का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से छलका पर बैरिकेडिंग कराने और पानी का तेज बहाव रहने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो.
