आधार लिंक नहीं होने पर खातों के संचालन पर लगा दी जायेगी रोक
डाक खाते के माध्यम से ही मिलेंगे सावधि जमा योजना के रुपये
भभुआ नगर : आधार कार्ड की अनिवार्यता हर विभाग में सुनिश्चित की जा रही है. इसी क्रम में डाक विभाग में भी खाता को आधार कार्ड के साथ ही मोबाइल फोन से लिंक करने का आदेश जारी किया है. 31 दिसंबर तक इसे हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया है अन्यथा 31 दिसंबर के बाद बगैर आधार लिंक किये ऐसे सभी खातों को सीज कर दिया जायेगा. इस संबंध में जानकारी देते हुए भभुआ पोस्टऑफिस के उप डाकपाल वंशरोपन ने बताया कि 31 दिसंबर तक सभी खातों को आधार से लिंक कराने का विभागीय निर्देश प्राप्त हुआ है. स्थानीय स्तर पर सभी खाताधारी को इसकी सूचना दी जा रही है.
31 दिसंबर के बाद आधार लिंक नहीं होने पर खातों के संचालन पर रोक लगा दी जायेगी.
डाक खातों से ही होगा भुगतान एक दिसंबर से ही सावधि जमा योजना की परिपक्वता राशि का भुगतान भी डाक खातों के माध्यम से ही किया जायेगा. इसके लिए सभी डाकघर अभिकर्ताओं को निर्देश जारी किया गया है कि निकट भविष्य में परिपक्व होनेवाले सावधि जमा योजनाओं के धारकों को जल्द से जल्द चिह्नित कर उनका खाता निकटवर्ती डाकघरों में खुलवाना होगा. एक दिसंबर के बाद परिपक्व होने वाले सावधि जमा योजनाओं की राशि का भुगतान किसी भी हालत में नकद अथवा चेक के माध्यम से नहीं किया जायेगा. यह आदेश सीबीएस व ननसीवीएस सभी डाकघरों पर समान रूप से लागू होगा.
200 एटीएम कार्ड हुए जारी
भभुआ मुख्य डाकघर से कुल 1200 से अधिक डाक खाताधारी जुड़े हुए हैं. इन सभी खाताधारकों को 31 दिसंबर से पहले अपना आधार लिंक करना होगा. वहीं, 200 कार्डधारियों को भी विभाग द्वारा एटीएम भी जारी किया गया है. सभी कर्मचारियों को अपना आधार लिंक करना अनिवार्य होगा, नहीं तो उनके खाते के संचालन को रोक लगा दी जायेगी.
बोले अधिकारी
31 दिसंबर तक जिन खाताधारियों का आधार लिंक नहीं होगा, उसके बाद उनके खाते के संचालक रोक लगा दी जायेगी.
वंशरोपन, उपडाकपाल भभुआ
