लुटेरा गिरोह के सरगना सहित तीन गिरफ्तार

रोहतास व कैमूर में लगातार आधा दर्जन लूट की घटनाओं को अंजाम देनेवालों पर शिकंजा लूट के 45 हजार रुपये लोडेड कट्टा भी बरामद लूट की घटना को अंजाम देने के बाद भागने में नुआंव पुलिस ने पकड़ा भभुआ कार्यालय : कैमूर व रोहतास में बीते एक माह में ताबड़तोड़ लूट की घटनाओं को अंजाम […]

रोहतास व कैमूर में लगातार आधा दर्जन लूट की घटनाओं को अंजाम देनेवालों पर शिकंजा
लूट के 45 हजार रुपये लोडेड कट्टा भी बरामद
लूट की घटना को अंजाम देने के बाद भागने में नुआंव पुलिस ने पकड़ा
भभुआ कार्यालय : कैमूर व रोहतास में बीते एक माह में ताबड़तोड़ लूट की घटनाओं को अंजाम देनेवाले लुटेरा गिरोह के सरगना सहित तीन लुटेरों को कैमूर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उक्त लुटेरा गिरोह के सरगना रंगलाल चौधरी जो कि पहले भी लूट के मामले में जेल जा चुका है, उसे भी गिरफ्तार किया है.
लुटेरों को नुआंव पुलिस ने सात नवंबर को कुढ़नी थाना क्षेत्र के गुड़िया हाईस्कूल के पास शिक्षक कृष्ण सिंह कर्मयानी से एक लाख रुपये लूट कर भागने के क्रम नुआंव के पास वाहन चेकिंग में धर-दबोचा है. उनके पास से लूटे गये 45 हजार रुपये, एक देशी लोडेड कट्टा, दो बाइक व दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है. इसकी जानकारी गुरुवार को एसपी हरप्रीत कौर ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता कर दी.
एसपी ने बताया कि लुटेरे रोहतास व कैमूर में बीते एक माह से ताबड़तोड़ लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे, जिसके बाद मोहनिया एसडीपीओ मनोज राम के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था.
इसी बीच नुआंव पुलिस ने उक्त लुटेरा गिरोह का सरगना रोहतास जिले के नोखा थाना अंतर्गत रघनाथपुर गांव का रंगलाल चौधरी को उसके दो सहयोगियों के साथ लूट की घटना को अंजाम देकर भागने के क्रम में गिरफ्तार किया, तो हाल में हुए सारे लूट की घटना के बाबत रंगलाल चौधरी ने स्वीकार किया. उसने पुलिसिया पूछताछ में बताया है कि हाल के एक महीने के अंदर में कुदरा में दवा व्यवसायी को गोली मार कर 20 हजार रुपये लूटने, दुर्गावती में एक व्यक्ति से मोबाइल व दो हजार रुपये लूटने की घटना को अंजाम देने के अलावे रोहतास जिला अंतर्गत चेनारी में दो लूटकांड, सासाराम मुफस्सिल व कोचस में एक लूट की घटना को अंजाम देने में नेतृत्व कर रहा था.
इसके साथ भोजपुर जिले के अमईबधन टोला का राजेंद्र चौधरी व रोहतास जिले के नटवार थाना अंतर्गत माधोपुर गांव का सुधीर कुमार उर्फ बुटन यादव को गिरफ्तार किया गया है. उक्त सभी लूटकांडों को अंजाम देने के बाद एक बार फिर सात नवंबर को कुढ़नी थानाक्षेत्र में गुड़िया हाईस्कूल पर लूट की घटना को अंजाम दे भाग रहे थे.
गुड़िया हाईस्कूल के समीप शिक्षक से एक लाख रुपये लूटने के मामले में रोहतास जिले के दिनारा थाना अंतर्गत नऊवा गांव का आलोक यादव, नटवार थाना अंतर्गत पिपरी गांव का रितेश कुमार उर्फ रंजीत यादव भागने में सफल रहा. इसके अलावे एसपी ने बताया कि कुदरा में दवा व्यवसायी के साथ 20 हजार रुपये लूटने व गोली मारने में गिरफ्तार सरगना रंगलाल चौधरी के साथ नटवार थाना क्षेत्र के तिलई गांव निवासी सुरेंद्र व बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के इंदरथ गांव निवासी राजकुमार भी शामिल था. सुरेंद्र व राजकुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
इसके साथ ही एसपी ने बताया कि रंगलाल चौधरी इसके पहले करवंदिया के पास डेहरी थाने में लगातार दो लूट कांडों को अंजाम देने के मामले में जेल जा चुका है. वहीं, भोजपुर जिले का सुरेंद्र चौधरी धनगाई थाना क्षेत्र में एक चावल लदे ट्रक को ट्रक सहित गायब करने की घटना को अंजाम दे चुका है. एसपी ने बताया कि उक्त लुटेरे हालिया दिनों में ताबड़तोड़ लूट की घटना को अंजाम दे पुलिस के लिए सिरदर्द बन गये थे. इनकी गिरफ्तारी से रोहतास व कैमूर दोनों जगह की पुलिस राहत की सांस लेगी. एसपी ने बताया कि उक्त लुटेरों को गिरफ्तार करनेवाले नुआंव थानाध्यक्ष वीरेंद्र पासवान व चौकीदार कमलेश पासवान, होमगार्ड मनोज सिंह को रिवार्ड दिया जायेगा.
कौन-कौन से लूटकांड की घटनाओं को दिया अंजाम
चेनारी थाना क्षेत्र में दो लूटकांड : 93 हजार व 50 हजार
डेहरी थाना क्षेत्र में एक लूटकांड : 50 हजार
सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक लूटकांड: 40 हजार
कोचस थाना क्षेत्र में एक लूटकांड : 15 हजार
कुदरा थाना क्षेत्र में एक लूटकांड : 20 हजार रुपये व दवा व्यवसायी को गोली मारी
दुर्गावती थाना क्षेत्र में एक लूटकांड : दो हजार रुपये व मोबाइल की लूट
कुढ़नी थाना क्षेत्र में एक लूटकांड: शिक्षक से एक लाख रुपये लूटे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >