दुर्गावती थाना क्षेत्र के कर्मनाशा चांद नहर के समीप रविवार की शाम पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक ऑटो से 108 लीटर देसी शराब बरामद की. पुलिस ने मौके से ऑटो चालक सह शराब तस्कर को गिरफ्तार कर ऑटो जब्त कर लिया. गिरफ्तार ऑटो चालक सुनील कुमार, पिता स्वर्गीय अर्जुन राम, ग्राम गोरसरा, थाना रामगढ़, जिला कैमूर का निवासी है.
गुप्त सूचना पर चांद नहर के पास जांच अभियान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी से एक ऑटो के माध्यम से शराब की खेप ले जायी जा रही है. सूचना के आधार पर एनएच-19 स्थित चांद नहर के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान पुलिस ने यूपी 67 बीटी 1296 नंबर के टेंपो को रोककर तलाशी ली.
सीट के नीचे छिपाकर रखी गयी थी शराब
तलाशी के दौरान ऑटो की सीट के नीचे छिपाकर रखी गयी कुल 108 लीटर देसी शराब बरामद हुई. पुलिस ने ऑटो चालक सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया. शराब और ऑटो को जब्त कर लिया गया है.
गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ कार्रवाई शुरू
पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यूपी से बिहार शराब तस्करी पर नहीं लग रहा अंकुश
कैमूर पुलिस एवं उत्पाद विभाग की टीम अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापामारी कर कार्रवाई कर रही है. इसके बावजूद आए दिन यूपी से बिहार तस्करी करते हुए शराब की खेप पकड़ी जा रही है. शराब तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है. शराब तस्कर तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर शराब की तस्करी कर रहे हैं.
ट्रक से साइकिल तक तस्करी के लिए इस्तेमाल
शराब तस्करी के लिए ट्रक, बस, एंबुलेंस, ट्रैक्टर, टेंपो, बाइक, साइकिल एवं पैदल का सहारा लिया जा रहा है. शराब तस्करी के अलग-अलग तरीकों के बावजूद पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं.
शराब तस्करी में युवा और महिलाएं भी शामिल
पैसा कमाने के जुनून में महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी भी बढ़ रही है. बताया जाता है कि यूपी-बिहार बॉर्डर इलाके के युवक शराब तस्करी में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. हालांकि, वे पुलिस की नजरों से दूर हैं.
