भभुआ सदर : बाइक से पति के साथ हाटा बाजार करने जा रही एक महिला बाइक से गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गयी, जिसके बाद इलाज के लिए पति द्वारा सदर अस्पताल लाये जाने के दौरान रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया. घटना सोमवार की दोपहर लोदीपुर गांव के समीप की बतायी जाती है. सड़क पर गिरने से मृत हुई महिला चांद थाना क्षेत्र के सिहोरिया निवासी अरविंद सिंह की पत्नी उषा देवी बतायी जाती है. घटना की सूचना पर पुलिस सदर अस्पताल पहुंच शव को पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया.
जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति अरविंद सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा बाजार करने जा रही थी. इसी दौरान लोदीपुर गांव के समीप अचानक महिला अनियंत्रित होकर बाइक से गिर गयी, जिससे महिला के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लग गयी. दुर्घटना के बाद पति द्वारा सड़क पर बेसुध गिरी पत्नी को उठा कर आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आया, लेकिन, घायल महिला अस्पताल आने के क्रम में रास्ते में ही दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर मौजूद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया.
