कार्य में लापरवाही बरतने पर हुई कार्रवाई
भभुआ नगर : मनरेगा योजनाओं में लापरवाही बरतने के कारण जिले के दो प्रखंडों के मनरेगा पीओ व एक सहायक अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. सोमवार को प्रभारी डीआरडीए निदेशक मुकेश कुमार की अध्यक्षता में मनरेगा योजनाओं की समीक्षा हुई, जिसमें अधौरा व चांद के मनरेगा पीओ और भगवानपुर के सहायक अभियंता को योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने के कारण स्पष्टीकरण की मांग की गयी है. बैठक में मनरेगा से संचालित लंबित योजनाओं को 31 अक्तूबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावे मनरेगा कर्मियों के पांच माह का बकाया वेतन भुगतान को लेकर भी चर्चा हुई.
अधिकारी ने मनरेगा के जॉब कार्डधारियों का वेरिफिकेशन और आधार लिंक के काम में तेजी लाने का निर्देश दिया. साथ ही जिन योजनाओं के लिए रुपये आवंटित होने के बाद भी अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है. उन्हें बंद करने की बात कही गयी. इस दौरान मनरेगा के संतोष कुमार, एमआईएस ऑफिसर ईशा यादव, अमित कुमार आदि मौजूद रहे.
783 मतदाताओं का नाम हटा
विशेष अभियान दिवस के अंतर्गत 21 अक्तूबर को आयोजित कैंप के दौरान कुल 2250 नये मतदाताओं का नाम निर्वाचक सूची में शामिल किया गया है, जिसमें रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 248, मोहनिया में 623, भभुआ में 653 और चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 726 नये मतदाताओं को जोड़ा गया है. वहीं, 783 मतदाताओं का नाम हटाया गया. 1113 कार्ड में सुधार किया गया है. 34 आवेदन एक विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्र पर स्थानांतरित करने के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं.
