मामले में सिरसी गांव के वार्ड सदस्य सहित दो धराये, दो फरार
भभुआ सदर. चैनपुर थाना क्षेत्र के नंदना गांव में सूअर चराने गयी एक नौ वर्षीय नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है. इस मामले में चैनपुर थाना और महिला थाने की पुलिस द्वारा दुष्कर्म की शिकार हुई बच्ची की निशानदेही पर बगल के गांव में छापेमारी कर गांव के एक वार्ड सदस्य सहित युवक को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि, दो आरोपित फरार बताये जाते हैं.
इस मामले में दुष्कर्म की शिकार हुई नाबालिग बच्ची के पिता द्वारा महिला थाने में आवेदन देते हुए बताया है कि उसकी नौ वर्षीय लड़की गांव के पूरब बौलियां पोखरा के किनारे शनिवार की शाम साढ़े पांच बजे सूअर चरा रही थी कि इसी दौरान बगल के सिरसी गांव की ओर सभी को चरते चली गयी, जहां सिरसी गांव के सोनू खां द्वारा उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया गया. इसके साथ अन्य लोग भी थे. हादसे के बाद उसकी बेटी रोती चिल्लाती घर आयी और सारी बात बतायी.
हादसे के बाद वह अपनी बेटी को लेकर चैनपुर थाना गये, जहां से पुलिस द्वारा इस घटना की सूचना महिला थाने को दी गयी. सूचना पर महिला थानाध्यक्ष कुमारी अंचला व चैनपुर पुलिस द्वारा दुष्कर्म की शिकार हुई बच्ची के निशानदेही पर सिरसी गांव में छापेमारी कर सोनू खान व सिरसी वार्ड संख्या तीन के वार्ड सदस्य इकबाल खां को पकड़ उसकी दुष्कर्म पीड़ित बच्ची से पहचान करायी, जिन्हें बच्ची द्वारा पहचान लिया गया.
इसके बाद वार्ड सदस्य सहित युवक को गिरफ्तार कर लिया गया. इस मामले में महिला थानाध्यक्ष कुमारी अंचला ने बताया कि नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में दो अज्ञात भी आरोपी बनाये गये हैं, जिनकी तलाश की जा रही है.बच्ची का मेडिकल सदर अस्पताल में कराते हुए 164 के तहत उसका बयान दर्ज कराया गया है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
