jehanabad News : जहानाबाद जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के भगवान खंधा गांव में एक महिला की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र के रामपुर नगवा गांव निवासी पूजा के रूप में हुई है. घटना के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को फांसी का रूप देने का आरोप लगाया है. घटना के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं.
2021 में हुई थी शादी, जमीन और आठ लाख रुपये देने का दावा
मृतका की बुआ मनोरमा देवी और रिश्तेदार प्रतिभा देवी ने बताया कि पूजा की शादी वर्ष 2021 में भगवान खंधा गांव निवासी रवि कुमार के साथ हुई थी. परिजनों के अनुसार, शादी के समय मायके पक्ष की ओर से एक कट्ठा जमीन और आठ लाख रुपये नकद दिए गए थे. आरोप है कि शादी के बाद पति रवि कुमार कोई काम नहीं करता था और लगातार मायके से रुपये की मांग करता रहता था. मांग पूरी नहीं होने पर पूजा को कथित रूप से प्रताड़ित किया जाता था.
गले पर मिले कसने के निशान, मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों के मुताबिक पूजा की कोई संतान नहीं थी. घटना के दिन गांव के एक व्यक्ति ने घर के अंदर जाकर देखा तो पूजा का शव संदिग्ध हालत में पड़ा था. परिजनों का दावा है कि उसके गले पर कसने के निशान भी मिले. इसके बाद ग्रामीणों ने फोन कर मायके वालों को घटना की जानकारी दी.
घर पहुंचने से पहले फरार हो गए ससुराल वाले
सूचना मिलने पर पूजा के मायके के लोग भगवान खंधा गांव पहुंचे, लेकिन तब तक ससुराल पक्ष का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था. मायके वालों ने आरोप लगाया कि पूजा की हत्या करने के बाद घटना को फांसी का रूप देने की कोशिश की गई और इसके बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए.
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस शव की स्थिति और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की पड़ताल कर रही है. साथ ही फरार ससुराल वालों की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
