मौसम का यू-टर्न: आंधी और मूसलाधार बारिश से मिली भीषण गर्मी से राहत, उड़े छप्पर, सड़कें हुईं जलमग्न

Jehanabad News : शुक्रवार सुबह करीब 7:00 बजे से आसमान में काले बादलों का डेरा जमा और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. इस बदलाव से पूरे जिले के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और मौसम सुहावना हो गया है.

Jehanabad News : (मृत्युंजय कुमार) : जहानाबाद जिले में शुक्रवार सुबह से ही मौसम ने अचानक करवट ले ली है. पिछले कई दिनों से रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और चिलचिलाती उमस से बेहाल लोगों को तेज आंधी, कड़कड़ाती बिजली और झमाझम बारिश ने बड़ी राहत दी है. पिछले सप्ताह जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका था और लोगों का घरों से निकलना दूभर था, वहीं शुक्रवार सुबह करीब 7:00 बजे से आसमान में काले बादलों का डेरा जमा और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई. इस बदलाव से पूरे जिले के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और मौसम सुहावना हो गया है.

55 किमी/घंटे की रफ्तार से चली आंधी, कई जगह पेड़ उखड़े

सुबह बारिश के साथ ही जिले में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी आंधी चली. इस तेज आंधी के कारण ग्रामीण और शहरी इलाकों में कई घरों के एस्बेस्टस और फूस के छप्पर उड़ गए. शहर से लेकर देहात तक कई जगहों पर पुराने पेड़ जड़ से उखड़ गए और पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.

42 MM बारिश से खुली नगर परिषद की पोल, सड़कें बनीं तालाब

जिले में करीब 42 मिलीमीटर (MM) बारिश होने का अनुमान जताया गया है. इस भारी बारिश ने जहानाबाद नगर परिषद के सफाई दावों की पोल खोलकर रख दी. मुख्य बाजारों और रिहायशी इलाकों के नालों में जाम होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर बहने लगा. कई मुख्य मार्गों पर घुटनों तक पानी भर जाने से जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

ग्रामीण इलाकों में झूम उठे किसान

शहरी इलाकों में जहां जलजमाव और बिजली संकट से थोड़ी परेशानी हुई, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से खुशहाली की तस्वीरें सामने आ रही हैं. इस बारिश से खेतों की नमी बढ़ेगी, जिससे फसलों को सीधा फायदा पहुंचेगा. पिछले कई दिनों से सूखे खेतों को देख चिंतित किसानों के चेहरों पर अब मुस्कान लौट आई है.

तेज गरज से सहमे लोग, अगले 3 दिनों तक अलर्ट

सुबह जब आसमान में बिजली कौंधने और बादलों की तेज गड़गड़ाहट शुरू हुई, तो डर के मारे लोग कुछ देर के लिए घरों में ही दुबके रहे. इस दौरान जिले में कुछ जगहों पर वज्रपात (आकाशीय बिजली) गिरने की भी खबर है.

अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, जिले में अगले तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. ऐसे में लोगों को फिलहाल तपती गर्मी से राहत मिलती रहेगी, लेकिन प्रशासन ने आंधी और बिजली चमकने के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

Also Read: कनौली गांव में अज्ञात चोरों ने तीन घरों को बनाया निशाना, लाखों की संपत्ति चोरी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >