जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र में उदेरा स्थान बराज से छोड़े गये पानी के कारण फल्गु नदी की तेज धार में एक अधेड़ बह गया. घटना मंगलवार की शाम बर्रा गांव के निकट की बतायी जा रही है. हादसे के बाद से लालकेश्वर मांझी का कोई पता नहीं चल सका है.
शौच के लिए नदी में गये थे दो लोग
जानकारी के अनुसार बर्रा गांव निवासी 45 वर्षीय लालकेश्वर मांझी मंगलवार की शाम एक अन्य व्यक्ति के साथ शौच के लिए फल्गु नदी की ओर गये थे. इसी दौरान उदेरा स्थान बराज से अचानक पानी छोड़ा गया. पानी छोड़े जाने से पहले बराज पर सायरन भी बजाया गया था.
सायरन सुनकर एक व्यक्ति भागकर बचा
सायरन की आवाज सुनने के बाद लालकेश्वर मांझी के साथ गया व्यक्ति तत्काल नदी से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया. लेकिन लालकेश्वर मांझी समय रहते नदी से बाहर नहीं निकल सके और पानी की तेज धार में बह गये.
बर्रा गांव में पहुंच गया बराज का पानी
बर्रा गांव उदेरा स्थान बराज से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. ऐसे में बराज से पानी छोड़े जाने के बाद पानी तेजी से गांव के समीप फल्गु नदी तक पहुंच गया. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गयी और ग्रामीणों ने नदी में तलाश शुरू की.
डायल 112 की टीम पहुंची मौके पर
घटना के बाद आनन-फानन में डायल 112 को सूचना दी गयी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी हुलासगंज थाना पुलिस को दी. इसके बाद थाना प्रभारी अरविंद किशोर के निर्देश पर स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू करायी गयी.
अंधेरा होने के कारण नहीं हो सकी तलाश
तिर्वा पंचायत के मुखिया अवधेश पंडित ने प्रशासन से गोताखोर उपलब्ध कराने की मांग की. इसके बाद अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी की ओर से कुछ स्थानीय गोताखोरों को बर्रा गांव भेजा गया. हालांकि रात और अंधेरा होने के कारण गोताखोर नदी में उतरने की हिम्मत नहीं कर सके. इसके चलते देर रात तक लालकेश्वर मांझी का शव बरामद नहीं किया जा सका.
बुधवार सुबह फिर शुरू होगी खोजबीन
हुलासगंज थाना प्रभारी अरविंद किशोर ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से फल्गु नदी में एक व्यक्ति के बहने की सूचना मिली थी. इसके बाद स्थानीय गोताखोरों को मौके पर भेजा गया, लेकिन अभी तक डूबे व्यक्ति की तलाश नहीं हो सकी है. बुधवार सुबह नदी में दोबारा खोजबीन शुरू किये जाने की उम्मीद है.
दरधा और मोरहर के बाद फल्गु में भी बढ़ा पानी
बताया गया कि सोमवार से जहानाबाद जिले की नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. दरधा और मोरहर नदी पहले से उफान पर हैं. इसी क्रम में फल्गु नदी का जलस्तर भी बढ़ रहा है. उदेरा स्थान बराज में पानी का दबाव बढ़ने पर वहां से पानी छोड़ा जाता है. मंगलवार की शाम भी इसी क्रम में बराज से पानी छोड़ा गया था.
