Independence Day Jahanabad: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को प्रखंड क्षेत्र में देशभक्ति और हर्षोल्लास का माहौल रहा. विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, विद्यालयों, राजनीतिक दलों के कार्यालयों तथा पंचायत मुख्यालयों में पूरे सम्मान और उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया. लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन किया.
थाना परिसरों में भी हुआ ध्वजारोहण
प्रखंड कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद काको थाना परिसर में थानाध्यक्ष राहुल कुमार, पाली थाना में थानाध्यक्ष शिशु पाल कुमार तथा भेलावर थाना परिसर में थानाध्यक्ष ललित कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इसके बाद विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में भी उत्साहपूर्वक तिरंगा फहराया गया.
विद्यालयों में हुए देशभक्ति कार्यक्रम
विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए. छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भाषण प्रस्तुत कर स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला. विभिन्न स्थानों पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंजता रहा.
देश की एकता और प्रगति का लिया संकल्प
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए पूरी निष्ठा के साथ अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया.
