जहानाबाद में चोरों का आतंक, दो घरों से नकदी-जेवर समेत लाखों की संपत्ति चोरी

जहानाबाद में चोरों के हौसले बुलंद हैं, लगातार चोरी की वारदातों से लोग दहशत में हैं. आदर्श कॉलोनी और जाफरगंज में दो अलग-अलग घटनाओं में लाखों के माल पर हाथ साफ किया गया है. पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है.

Jehanabad News: जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. बेखौफ चोर अब बंद पड़े मकानों को आसान निशाना बना रहे हैं. नगर थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी और जाफरगंज मुहल्ले में हुई दो अलग-अलग चोरी की वारदातों में चोरों ने लाखों रुपये मूल्य की नकदी, जेवरात और घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया. लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है.

आदर्श कॉलोनी में नकदी, जेवर और गैस सिलेंडर की चोरी

नगर थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी गली नंबर-1 में धनंजय शर्मा के मकान में किराये पर रहने वाले रिशु कुमार के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया. ताला तोड़कर घर में घुसे चोर सोने की चेन, दो अंगूठियां, ब्रेसलेट, कान के टॉप्स, झुमके, पीतल के बर्तन, 50 हजार रुपये नकद और रसोई में रखा बड़ा गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए.

घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने डायल-112 को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की. पीड़ित के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले में टेहटा थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले पिता-पुत्र पर साजिश के तहत चोरी कराने का संदेह जताते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

जाफरगंज में शादी में गए परिवार के घर लाखों की चोरी

दूसरी घटना नगर थाना क्षेत्र के जाफरगंज मुहल्ले की है. यहां मो. सुहेल आलम अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे. घर बंद होने का फायदा उठाकर चोर छत के रास्ते अंदर घुसे और करीब दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए.

शुक्रवार सुबह घर लौटने पर परिवार ने देखा कि अलमारी का ताला टूटा हुआ है और सामान बिखरा पड़ा है. पीड़ित के अनुसार अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद और करीब 1.30 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए. चोरी हुए सामान में सोने का लॉकेट, कान के टॉप्स, दो जोड़ी पायल और बेटी के चांदी के आभूषण शामिल हैं. चोर रसोई में रखा राशन भी अपने साथ ले गए.

दो दिन पहले गैरेज में भी हुई थी चोरी

पीड़ित ने बताया कि दो दिन पहले उनके गैरेज में भी चोरी हुई थी. इससे आशंका जताई जा रही है कि इलाके में सक्रिय कोई संगठित गिरोह लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा है.

पुलिस जांच में जुटी

दोनों घटनाओं की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस का कहना है कि मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है. संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

लोगों ने बढ़ाई सुरक्षा की मांग

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगर क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >