Jehanabad : दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा : उपमुख्यमंत्री

नीट की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग लगातार तेज होती जा रही है.

रतनी. नीट की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग लगातार तेज होती जा रही है. इसी क्रम में मंगलवार को बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा मृत छात्रा के गांव पतियावां पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने परिजनों की बातों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायेगा. परिजनों ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि अब तक उन्हें उचित न्याय नहीं मिल पाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि एसआइटी टीम जांच के नाम पर परिवार को ही प्रताड़ित कर रही है. पहले दिन में बार-बार घर आने वाली टीम अब रात में भी पहुंच रही है और रिश्तेदारों के घरों पर भी दबाव बनाया जा रहा है. इससे पूरा परिवार मानसिक तनाव में है. परिजनों की बात सुनने के बाद उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि सरकार इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है. मुख्यमंत्री स्वयं पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए हैं और एसआइटी जांच की लगातार मॉनीटरिंग डीजीपी स्तर से की जा रही है. यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात सामने आता है तो सरकार सीबीआइ जांच से पीछे नहीं हटेगी. सीबीआई जांच और रसूखदारों के शामिल होने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि अभी एसआइटी को पूरा अवसर दिया जा रहा है. यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो मामला सीबीआइ को सौंपा जायेगा. उन्होंने दो टूक कहा कि चाहे कितना भी रसूखदार व्यक्ति क्यों न हो, किसी को बख्शा नहीं जायेगा. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक होनहार छात्रा की मौत केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की क्षति है. सरकार की प्राथमिकता है कि मृत छात्रा को न्याय मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. इस दौरान अरवल विधायक मनोज शर्मा, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार, पूर्व विधायक उषा विद्यार्थी, भाजपा एमएलसी अनिल शर्मा, पूर्व एमएलसी राधामोहन शर्मा, घोसी जिला परिषद सदस्य अजय सिंह टुन्नु, पूर्व जिला परिषद सदस्य कृष्ण कुमार, पूर्व जदयू जिलाध्यक्ष गोपाल कुमार, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. परिजनों को उपमुख्यमंत्री के आश्वासन से कुछ हद तक उम्मीद बंधी है. वहीं ग्रामीणों ने भी निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग दोहराई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mintu kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >